'वह आक्रमकता दिखा रहे थे तो मैंने भी..'- बीच मैच में अनुकूल रॉय के साथ हुई बहस को लेकर बोले अर्शदीप सिंह - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘वह आक्रमकता दिखा रहे थे तो मैंने भी..’- बीच मैच में अनुकूल रॉय के साथ हुई बहस को लेकर बोले अर्शदीप सिंह

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट लिए।

Arshdeep Singh (Photo Source: Twitter)
Arshdeep Singh (Photo Source: Twitter)

आईपीएल 2023 में पंजाब किंग्स का पहला मुकाबला दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ 1 अप्रैल को खेला गया। बारिश से बाधित मैच में पंजाब किंग्स ने 7 रनों से जीत दर्ज कर सीजन का शानदार आगाज किया। इस मैच में पंजाब किंग्स के युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कोलकाता नाइट राइडर्स पर शुरूआत से ही दबाव बनाना शुरू कर दिया था।

अर्शदीप सिंह ने KKR के खिलाफ 3 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए और प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता। अर्शदीप सिंह कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ गेंदबाजी को लेकर बड़े खुलासे करते हुए नजर आए।

मैं थोड़ा आक्रमक होना चाहता था- अर्शदीप सिंह

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अर्शदीप सिंह ने नई गेंद से ही अपना कमाल दिखाना शुरू किया था। अर्शदीप सिंह ने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर मंदीप सिंह को 2 रन पर आउट किया। वहीं उसी ओवर की आखिरी गेंद पर अनुकूल रॉय (4) को अपना शिकार बनाया।

KKR के खिलाफ शानदार स्पेल के बाद अर्शदीप सिंह ने अनकूल रॉय के विकेट पर बात करते हुए बताया, ‘वह अनुकूल रॉय अंडर-19 क्रिकेट के दौरान मेरे साथ थे। उसने मुझे सीधा हिट करना शुरू कर दिया। इसलिए मैं थोड़ा आक्रमकता दिखाना चाहता था। वह भी आक्रमकता दिखा रहे थे इसलिए मेरी आक्रमकता भी बाहर निकल आई। वह उम्मीद कर रहे थे कि मैं यॉर्कर फेंकूंगा इसलिए मैंने बाउंसर फेंककर उन्हें थोड़ा आश्चर्यचकित करने की कोशिश की।’

ड्रेसिंग रूम का माहौल काफी अच्छा है- अर्शदीप सिंह

अर्शदीप सिंह ने मंदीप सिंह और अनुकूल रॉय का विकेट लेने के बाद पारी के 16वें ओवर में KKR के बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर को 34 रन पर आउट किया। पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन कर अर्शदीप ने सीजन के लिए अपनी मंशा साफ कर दी है। अर्शदीप ने प्लेयर ऑफ द मैच बनने के बाद बात करते हुए कहा, ‘बारिश हो रही थी इसलिए विकेट फिसलन भरा हो गया था।’

अर्शदीप सिंह ने आगे कहा, ‘इसलिए मैं परिस्थितियों के अनुसार गेंदबाजी कर रहा था। मैं लुत्फ उठा रहा हूं, और ड्रेसिंग रूम का माहौल काफी अच्छा है। हम आगे इस टूर्नामेंट का आनंद लेते रहेंगे और अपनी टीम के लिए मैच जीतने की कोशिश करेंगे।’

close whatsapp