IPL 2023: लीग शुरू होने से पहले सभी कप्तानों ने दिखाई कैमरे के सामने दोस्ती
आईपीएल 2023 का पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच 31 मार्च को खेला जाएगा
अद्यतन - मार्च 31, 2023 3:29 अपराह्न

आईपीएल का 16वां सीजन आज (31 मार्च) से फैंस के बीच दस्तक देने वाला है। सीजन का पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स और डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। जिससे पहले आईपीएल 2023 ओपनिंग सेरेमनी शाम 6 बजे से शुरू होगा।
जिसमें बॉलीवुड के बड़े सितारे रश्मिकां मंधाना, तमन्ना भाटिया और सिंगर अरिजीत सिंह के परफॉर्म करते हुए नजर आएंगे। आईपीएल शुरू होने से पहले सभी टीमों के कप्तान एक साथ तस्वीर के लिए पोज देते हुए नजर आए थे। इस वक्त सोशल मीडिया में आईपीएल कप्तानों का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वो आगामी सीजन के लिए अपना उत्साह दिखाते हुए नजर आ रहे हैं।
आईपीएल शुरू होने से पहले आईपीएल कप्तानों का जोश है हाई
आईपीएल के पिछले तीन सीजन कोरोना की बंदिशों में आयोजित किए गए थे। दो बार ये लीग भारत से बाहर दुबई में आयोजित किए गए। वहीं पिछला सीजन भारत के कुछ गिने-चुने स्थानों पर ही आयोजित किया गया था। लंबे समय बाद आईपीएल होम-अवे फॉर्मेट में खेला जाएगा। जिसे लेकर फैंस समेत खिलाड़ी काफी ज्यादा उत्साहित है।
आईपीएल शुरू होने से पहले सभी कप्तानों के मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया में आईपीएल के आधिकारिक अकाउंट द्वारा शेयर किया गया। जिसमें कप्तान टूर्नामेंट शुरू होने से पहले अपनी राय रखते हुए नजर आए। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने आईपीएल के पुराने होम-अवे फॉर्मेट की वापसी पर खुशी जाहिर की।
वहीं नीतिश राणा ने कहा है कि, अपने होम ग्राउंड पर खेलना हमेशा आत्मविश्वास देता है। इसलिए आईपीएल का पुराने रूप में वापस आना अच्छी बात है। पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन ने कहा कि, लीग शुरू होने से पहले साथियों से मिलकर उन्हें काफी अच्छा लगा। वीडियो में शिखर धवन लीग के बाकी कप्तानों को शुभकामनाएं देते हुए भी नजर आए। लीग शुरू होने से पहले कप्तानों की यह बांडिंग फैंस का उत्साह और ज्यादा बढ़ाते हुए नजर आ रही है।