आईपीएल 2023: MI को बीच सीजन में लगा करारा झटका, जोफ्रा आर्चर की रवानगी के साथ हुई रिप्लेसमेंट की घोषणा - क्रिकट्रैकर हिंदी

आईपीएल 2023: MI को बीच सीजन में लगा करारा झटका, जोफ्रा आर्चर की रवानगी के साथ हुई रिप्लेसमेंट की घोषणा

क्रिस जॉर्डन को मुंबई इंडियंस (MI) द्वारा उनके बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये में साइन किया गया है।

Jofra Archer and Chris Jordan. (Image Source: BCCI-IPL)
Jofra Archer and Chris Jordan. (Image Source: BCCI-IPL)

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की सबसे सफल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस (MI) ने जारी आईपीएल 2023 में जीत की पटरी पकड़ी ही थी कि फ्रेंचाइजी को एक बड़े झटके का सामना करना पड़ा। दरअसल, मुंबई इंडियंस (MI) के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर 9 मई को चोट के कारण जारी आईपीएल 2023 से बाहर हो गए हैं।

जिसके बाद मुंबई इंडियंस (MI) ने जोफ्रा आर्चर के इंग्लैंड क्रिकेट टीम के साथी क्रिस जॉर्डन को जारी आईपीएल 2023 के बाकी मैचों के लिए स्टार तेज गेंदबाज के रिप्लेसमेंट के रूप में साइन किया है। क्रिस जॉर्डन को मुंबई फ्रेंचाइजी द्वारा उनके बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये में साइन किया गया है।

जोफ्रा आर्चर आईपीएल 2023 से हुए बाहर, क्रिस जॉर्डन उनकी जगह MI से जुड़े

आईपीएल मीडिया एडवाइजरी के अनुसार,”मुंबई इंडियंस (MI) ने 9 मई को टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 के शेष मैचों के लिए चोटिल जोफ्रा आर्चर के रिप्लेसमेंट के रूप में क्रिस जॉर्डन को साइन किया है। 2016 में आईपीएल डेब्यू करने वाले जॉर्डन ने अब तक 28 आईपीएल मैचों में 27 विकेट लिए हैं। इस तेज गेंदबाज ने इंग्लैंड के लिए 87 T20I मैचों में 96 विकेट लिए हैं। मुंबई इंडियंस (MI) ने क्रिस जॉर्डन को 2 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है।”

आईपीएल रिलीज ने आर्चर की चोट को लेकर कोई भी जानकारी नहीं दी है, लेकिन कथित तौर पर उनकी दाहिनी कोहनी उन्हें परेशानी दे रही है। पिछले कुछ वर्षों से चोटों से जूझ रहे जोफ्रा आर्चर ने इस सीजन में केवल पांच मैच खेले और दो विकेट लिए। उन्होंने MI के लिए आईपीएल 2023 में आखिरी मैच पिछले हफ्ते चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ खेला था। वह अब इंग्लैंड में अपना रिहैब पूरा करेंगे।

इस बीच, मुंबई इंडियंस (MI) ने भी आर्चर के इग्लैंड लौटने की जानकारी दी। फ्रेंचाइजी ने ट्विटर पर लिखा: “क्रिस जॉर्डन बाकी सीजन के लिए MI टीम में शामिल होंगे। क्रिस ने जोफ्रा आर्चर की जगह ली है, जिनकी रिकवरी और फिटनेस पर ECB द्वारा नजर रखी जा रही है। जोफ्रा अपने रिहैब पर ध्यान देने के लिए स्वदेश लौटेंगे।”

close whatsapp