'वह नई चीजों को सीखने के लिए हमेशा उत्सुक रहते हैं'- मैच जीतने के बाद अमित मिश्रा ने जमकर की बिश्नोई की तारीफ - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘वह नई चीजों को सीखने के लिए हमेशा उत्सुक रहते हैं’- मैच जीतने के बाद अमित मिश्रा ने जमकर की बिश्नोई की तारीफ

रवि बिश्नोई ने हैदराबाद के खिलाफ 4 ओवर में 16 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया था।

Ravi Bishnoi Amit Mishra (Photo Source: Twitter)
Ravi Bishnoi Amit Mishra (Photo Source: Twitter)

आईपीएल 2023 का 10वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच 7 अप्रैल को खेला गया। इस मुकाबले में लखनऊ ने पहले गेंदबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदारबाद को 20 ओवर में 121 रन पर रोक दिया था। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी केएल राहुल की टीम ने 24 गेंदे शेष रहते हुए 5 विकेट से जीत हासिल की।

लखनऊ की जीत में गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई है। क्रुणाल पांड्या ने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट और अमित मिश्रा ने 4 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। वहीं रवि बिश्नोई और यश ठाकुर के नाम 1-1 विकेट शामिल रहा। हैदराबाद के खिलाफ जीत के बाद अमित मिश्रा युवा स्पिन गेंदबाज रवि बिश्नोई की जमकर तारीफ करते हुए नजर आए।

मैं बिश्नोई को हमेशा गाइड करता हूं- अमित मिश्रा

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मुकाबले में रवि बिश्नोई ने 4 ओवर में 16 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया। हैदराबाद के खिलाफ जीत के बाद रवि बिश्नोई के बारे में बात करते हुए अमित मिश्रा ने कहा, ‘बिश्नोई शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं और हमारे बीच अच्छा बॉन्ड है। वह हमेशा मेरे पास सुझाव मांगने के लिए आते हैं और मैं उन्हें गाइड करता हूं। उनके बारे में सबसे अच्छी चीज यह है कि वह नई चीजों को सीखने के लिए उत्सुक रहते हैं।’

अमित मिश्रा ने आगे कहा, ‘मैं उनके गेंदबाजी के अनुसार उन्हें चीजें बताता हूं। हर गेंदबाज अलग होते हैं और उनका स्टाइल भी अलग होता है। वह बल्लेबाज की गलती करने का इंतजार करते हैं और मैं बल्लेबाज को गलती करने के लिए मजबूर करता हूं।’

मैंने गेंदबाजी में कुछ खास कमाल है- अमित मिश्रा

अमित मिश्रा ने आगे बात करते हुए यह भी बताया कि, गेंद नई थी इसलिए टीम ने बिश्नोई को पहले भेजा। गेंद जब पुरानी हो गई फिर वह एक्शन में दिखे। अमित मिश्रा ने अपने प्रदर्शन और टीम की जीत पर बात करते हुए कहा, ‘मैंने कुछ ज्यादा खास नहीं किया। मैंने विकेट को पढ़ा और सोचा कि, किस तरह का शॉट बल्लेबाज खेल सकते हैं और मैं सफल हो सकता हूं। मैं बहुत खुश हूं इसलिए नहीं कि मैंने अच्छा खेला बल्कि इसलिए की टीम जीती है। यह हमें अगले मैच के लिए आत्मविश्वास देगा।’

close whatsapp