आईपीएल 2023: बीसीसीआई ने आईपीएल नीलामी से पहले विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता पर दी बड़ी अपडेट
आईपीएल 2023 नीलामी कोच्चि के ग्रैंड हयात होटल में दोपहर 2.30 बजे से शुरू होगी।
अद्यतन - Dec 23, 2022 3:42 pm

आईपीएल 2023 नीलामी का मंच का मंच तैयार हो चूका है, और सभी दस फ्रेंचाइजियों ने अपना-अपना होमवर्क भी कर लिया है। आपको बता दें, आगामी आईपीएल के लिए खिलाड़ियों की नीलामी कोच्चि के ग्रैंड हयात होटल में दोपहर 2.30 बजे से शुरू होगी, जहां ह्यूज एडमीड्स खिलाड़ियों पर बोली लगाते हुए नजर आएंगे।
इस बीच, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल 2023 नीलामी से पहले सभी फ्रेंचाइजियों को विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर बड़ी अपडेट दी है , क्योंकि आगामी सीजन में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाड़ियों की पूरे टूर्नामेंट के लिए उपलब्धता संदेह के घेरे में थी, और इसका कारण आगामी एशेज सीरीज है।
बीसीसीआई ने सभी आईपीएल फ्रेंचाइजियों को दी बड़ी खुशखबरी
हालांकि, बीसीसीआई ने आईपीएल नीलामी से पहले पुष्टि कर दी है कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के क्रिकेटर एशेज सीरीज के अगले साल जून के मध्य में शुरू होने के बावजूद पूरे सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगे। यह खबर सभी आईपीएल फ्रेंचाइजियों के लिए बड़ी राहत देने वाली है, क्योंकि वे अब नीलामी में अपनी पसंद के इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के पीछे भागने के लिए दोबारा नहीं सोचेंगे।
यहां देखें: IPL Auction Live
आपको बता दें, एशेज क्रिकेट की सबसे पुरानी क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता है, और इस टेस्ट सीरीज की महत्ता को देखते हुए दोनों देशों के क्रिकेटर शायद आईपीएल 2023 की जगह इस प्रतिष्ठित सीरीज में खेलने को प्राथमिकता दे सकते थे। लेकिन बीसीसीआई ने नीलामी से पहले इन सभी सवालों का जवाब दे दिया है।
क्रिकबज के अनुसार बीसीसीआई ने सभी फ्रेंचाइजियों को मेल में सूचित किया है कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के क्रिकेटर्स पूरे आईपीएल 2023 के लिए उपलब्ध हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चुने गए खिलाड़ी 30 मार्च से उपलब्ध होंगे, जबकि शेफील्ड शील्ड के फाइनल में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी 28 मार्च से उपलब्ध होंगे। वहीं आयरलैंड सीरीज के लिए चुने गए बांग्लादेश के खिलाड़ी 8 अप्रैल से 1 मई तक उपलब्ध रहेंगे, जबकि श्रीलंकाई खिलाड़ी 8 अप्रैल से उपलब्ध होंगे।