CSK के लिए बढ़ी मुश्किलें, दीपक चाहर के बाद एक और तेज गेंदबाज हुआ आईपीएल 2023 से बाहर!
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स को को 3 रनों से हार झेलनी पड़ी।
अद्यतन - अप्रैल 13, 2023 12:20 अपराह्न

आईपीएल 2023 का 17वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच एमए. चिदंबरम स्टेडियम चेपॉक में खेला गया। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 175 रन लगाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स को महेंद्र सिंह धोनी और रवींद्र जडेजा ने रन चेज में बनाए रखा था।
लेकिन टीम को अंत में तीन रनों से हार का सामना करना पड़ा। राजस्थान के खिलाफ हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लग चुका है। दरअसल पेसर सिसांडा मगाला चोटिल हो गए। जिसे लेकर CSK कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने बड़ा अपडेट जारी कर दिया है।
स्टीफन फ्लेमिंग ने सिसांडा मगाला को लेकर दिया बड़ा अपडेट
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) आईपीएल 2023 के शुरुआत से ही काफी दिक्कतों में नजर आ रही है। टीम के बड़े खिलाड़ी जैसे दीपक चाहर, काइल जैमिसन, मुकेश चौधरी और बेन स्टोक्स जैसे खिलाड़ी पहले ही चोटिल हैं। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में सिसांडा मगाला भी फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक सिसांडा मंगाला लगभग दो हफ्तों के लिए बाहर हो गए हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने सिसांडा मगाला के बाहर होने को लेकर ESPNCricinfo पर बात करते हुए कहा, ‘हमारे लिए यह वापस से दूसरा खिलाड़ी खोने जैसा है। यह लगातार दूसरा मुकाबला है जहां हमारे खिलाड़ी चोटिल हुए हैं और हम पहले से बहुत कमजोर हैं। इसलिए हम ऐसे चोटों को रोकना चाहते हैं। दुर्भाग्य से मगाला के हाथ में चोट लगी।’
‘इसलिए वह आखिरी दो ओवर फेंकने में असमर्थ थे। और आखिरी मुकाबले में दीपक चाहर के साथ भी ऐसा हुआ था। इसलिए हम बहुत कम प्लेयर्स के साथ काम कर रहे हैं। लेकिन हम ऐसा करने वाली एकमात्र टीम नहीं हैं।’
सिसांडा मगाला को स्कैन के लिए ले जाया गया है। लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स ने अब तक सिसांडा मगाला को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। आपको बता दें सिसांडा मगाला काइल जैमिसन के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम से जुड़े थे।