IPL 2024: इंग्लैंड के इस खिलाड़ी की आईपीएल सैलरी को लेकर एबी डिविलियर्स ने दिया विवादित बयान
एबी डिविलियर्स इन दिनों आईपीएल ऑक्शन को लेकर लगातार अपनी राय साझा कर रहे हैं।
अद्यतन - Dec 23, 2023 10:25 am

दक्षिण अफ्रीका के महान बल्लेबाज और पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स (AB de Villiers) ने इग्लैंड के युवा ऑलराउंडर सैम करन (Sam Curran) की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में सैलरी को लेकर विवादित और चौंकाने वाला बयान दिया है।
एबी डिविलियर्स (AB de Villiers) ने कहा सैम करन (Sam Curran) को पिछले कुछ वर्षों से आईपीएल में जरूरत से ज्यादा पैसा दिया जा रहा है, जितने के वो हकदार नहीं है। दक्षिण अफ्रीका के महान बल्लेबाज के यूट्यूब चैनल पर एक प्रश्नोत्तर सेशन के दौरान उनसे एक ऐसे खिलाड़ी के बारे में पूछा गया, जिसके बारे में उन्हें लगता है कि आईपीएल में उसे क्षमता से अधिक पैसे दिया गया हो।
Sam Curran को अत्यधिक सैलरी दी जा रही है: AB de Villiers
जिसके जवाब में डिविलियर्स ने इंग्लैंड के युवा ऑलराउंडर सैम करन (Sam Curran) का नाम लिया। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ने स्वीकार किया कि करन एक ‘अद्भुत खिलाड़ी’ हैं, लेकिन वह इंग्लैंड या फिर उनकी आईपीएल फ्रेंचाइजी के लिए अपेक्षा के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं।
एबी डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा: “मुझे विवादित बयान देना या फिर विवादास्पद होना पसंद नहीं है। लेकिन, मेरी राय में, पिछले कुछ वर्षों से सैम करन को अत्यधिक सैलरी दी जा रही है। वह कोई बुरा खिलाड़ी नहीं है, और मुझे वो पसंद भी हैं। उन्होंने वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन यह काफी साल पहले की बात है। मुझे नहीं लगता कि उनका हाल ही में बहुत अच्छा आईपीएल सीजन रहा है।
“अगर वे करन पर इतना पैसे नहीं लुटाते….”
इसके अलावा, इंग्लैंड के लिए भी उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है। सैम करन अधिकांश वर्ल्डक्लास खिलाड़ियों की तरह चीजों को बदल सकता है। मुझे अब भी लगता है कि वह एक अद्भुत खिलाड़ी है। मुझे बस यही लगता है कि पिछले कुछ वर्षों से उसे आईपीएल में बहुत अधिक सैलरी दी गई है। फ्रेंचाइजियों के लिए शायद यह एक अच्छा कदम होता कि अगर वे करन पर इतना पैसे नहीं लुटाते, तो उन्हें अलग-अलग खिलाड़ियों को खरीदने के लिए कुछ फंड उपलब्ध होते।”