IPL 2024: चेपॉक में रुतुराज गायकवाड़ ने SRH के खिलाफ कप्तानी पारी खेल जीता "प्लेयर ऑफ द मैच" अवॉर्ड - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2024: चेपॉक में रुतुराज गायकवाड़ ने SRH के खिलाफ कप्तानी पारी खेल जीता “प्लेयर ऑफ द मैच” अवॉर्ड

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रुतुराज गायकवाड़ ने 54 गेंदों में 98 रनों की शानदार पारी खेली।

Ruturaj Gaikwad (Photo Source: BCCI/IPL)
Ruturaj Gaikwad (Photo Source: BCCI/IPL)

IPL 2024, CSK vs SRH: Ruturaj Gaikwad Won POTM Award: आईपीएल 2024 के 46वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 78 रनों से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के बाद टीम पॉइंट्स टेबल में 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। मुकाबले में CSK ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 212 रन बोर्ड पर लगाए थे। इसके जवाब में हैदराबाद लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.5 ओवरों में 134 रनों पर ऑलआउट हो गई।

चेन्नई सुपर किंग्स की इस जीत के हीरो रहे कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad), जिन्होंने 98 रनों की शानदार पारी खेली, जिसके चलते ही टीम 200 रनों का आंकड़ा पार कर पाई थी। रुतुराज गायकवाड़ को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।

SRH के खिलाफ अपने शतक से चूके Ruturaj Gaikwad

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए CSK को अच्छी शुरुआत नहीं मिली थी। तीसरे ओवर में अजिंक्य रहाणे (9) सस्ते में पवेलियन लौट गए थे। जिसके बाद कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) ने चार्ज संभाला, और 9वें ओवर पैट कमिंस के खिलाफ शानदार छक्का जड़ 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था।

दूसरे विकेट के लिए रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) और डेरिल मिचेल के बीच 107 रनों की शतकीय साझेदारी हुई थी। कप्तान का साथ निभाते हुए डेरिल मिचेल ने 32 गेंदों में 52 रन बनाए। रुतुराज गायकवाड़ पारी के आखिरी ओवर में टी. नटराजन के खिलाफ आउट हुए और शतक से चूक गए।

सीएसके कप्तान ने 54 गेंदों में 10 चौके और 3 छक्कों की मदद से 98 रनों की पारी खेली। शिवम दुबे और रुतुराज गायकवाड़ के बीच तीसरे विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी हुई थी। शिवम दुबे ने 20 गेंदों में एक चौके और 4 छक्कों की मदद से टीम के लिए फिनिशिंग पारी खेली।

ऑरेंज कैप की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंचे रुतुराज

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) ऑरेंज कैप की ताजा सूची में दूसरे पायदान पर आ गए हैं। रुतुराज ने अब तक 9 मैचों में 63.86 के औसत और 149.49 के स्ट्राइक रेट से 447 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल है।

close whatsapp