IPL 2024: कंगाली में आटा गीला! RCB के लिए अगला मैच नहीं खेल पाएंगे ग्लेन मैक्सवेल, जाने बड़ी वजह
आईपीएल 2024 में आरसीबी ने खेले गए 6 मैचों में से 5 हारे हैं।
अद्यतन - अप्रैल 12, 2024 5:50 अपराह्न

साल 2016 आईपीएल की उपविजेता रही राॅयल चैलेंजर्स बैंगलुरू (RCB) की आईपीएल के जारी 17वें सीजन में शुरुआत कुछ खास नहीं रही है। टीम ने जारी टूर्नामेंट में अभी तक 6 मैच खेले हैं, जिसमें से उसे पांच मैचों में हार का सामना करना पड़ा है, तो सिर्फ एक मुकाबले में उसे जीत हासिल हुई है।
दूसरी ओर, अब आईपीएल 2024 में खराब फाॅर्म से गुजर रही आरसीबी के लिए एक और बुरी खबर सामने आई है। बता दें कि टीम के आगामी मैच से पहले स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) चोटिल हो गए हैं। तो वहीं इस बात की पूरी संभावना है कि वह आरसीबी के सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 15 अप्रैल को होने वाले मैच से बाहर हो सकते हैं।
अंगूठे को चोटिल कर बैठे मैक्सी
ग्लेन मैक्सेवल के हैदराबाद के खिलाफ मैच से बाहर होने को लेकर अगर न्यूज 24 की कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो उन्हें अंगूठे में इंजरी हो गई है। इस चोट के बाद वह हैदराबाद के खिलाफ मैच से बाहर हो सकते हैं। हालांकि, अभी तक आरसीबी ने इसको लेकर कोई भी आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
Glenn Maxwell might miss RCB's next match Vs SRH due to a thumb injury. (News24). pic.twitter.com/Xusaah04d4
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) April 12, 2024
आईपीएल 2024 में आउट ऑफ फाॅर्म नजर आ रही है RCB
बता दें कि जारी सीजन की शुरुआत में राॅयल चैलेंजर्स बैंगलुरू को चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले मैच में 6 विकेट से हराया था। तो वहीं इस हार के बाद आरसीबी ने पंजाब को चिन्नास्वामी के मैदान पर 4 विकेट से हराया था। हालांकि, पंजाब कि खिलाफ मिली जीत के मूमेंटम को आरसीबी जारी नहीं रख पाई, उसे इसके बाद लगातार चार मैचों में हार का सामना करना पड़ा।
आरसीबी को केकेआर ने 7 विकेट, लखनऊ सुपर जायंट्स ने 28 रन, राजस्थान राॅयल्स ने 6 विकेट और कल 11 अप्रैल को मुंबई इंडियंस ने 7 विकेट से हराया था। इस हार के बाद टीम के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने कहा है कि उनके पास गेंदबाजी के ज्यादा विकल्प नहीं हैं।
साथ ही हर बार की तरह इस सीजन भी आरसीबी की गेंदबाजी कमजोर नजर आ रही है। ऊपर से अब मैक्सवेल का चोटिल हो जाना, जो स्पिन ट्रैक पर काफी कारगर साबित होते हैं, आरसीबी के लिए सच में एक बड़ी बुरी खबर है।