IPL 2024: केएल राहुल आईपीएल खेलने के लिए फिट, लेकिन NCA ने दी इस तरह खेलने की वार्निंग

IPL 2024: केएल राहुल आईपीएल खेलने के लिए फिट, लेकिन NCA ने दी इस तरह खेलने की वार्निंग

केएल राहुल (KL Rahul) को टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में विकेटकीपिंग न करने और इम्पैकट बल्लेबाज के रूप में खेलने की सलाह दी गई है।

KL Rahul (Image Credit- Instagram)
KL Rahul (Image Credit- Instagram)

केएल राहुल को 22 मार्च से शुरू होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग के 2024 सीजन के लिए फिट घोषित कर दिया गया है। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी द्वारा फिट घोषित किए जाने के बाद अगले दो दिनों में टीम में शामिल होंगे। LSG अपने अभियान की शुरुआत रविवार को जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ करेगी।

अब यह खबर सामने आई है कि बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने केएल राहुल (KL Rahul) को टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में विकेटकीपिंग न करने और इम्पैकट बल्लेबाज के रूप में खेलने की सलाह दी है।

मेडिकल टीम ने जो बयान दिया है उसमें कहा गया है कि, “वह फिट हैं और आने वाले दिनों में अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी से जुड़ सकते हैं। उनके क्वाड्रिसेप्स में दर्द था और उन्हें एक इंजेक्शन भी दिया गया था। उनका रिहैब पूरा हो गया है और अब एनसीए ने उन्हें फिट घोषित कर दिया है। इसके साथ ही उन्हें सलाह दी गई है कि वह तुरंत विकेटकीपिंग न करें।”

इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज से बाहर हुए थे केएल राहुल 

इंग्लैंड के खिलाफ हैदराबाद टेस्ट के बाद, राहुल ने अपने दाहिने क्वाड्रिसेप्स में दर्द की शिकायत की और बाद में उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ पूरी घरेलू श्रृंखला से बाहर कर दिया गया। बीसीसीआई ने शुरुआत में कहा था कि राहुल मैच खेलने के लिए 90 प्रतिशत फिट हैं और बीसीसीआई की मेडिकल टीम की देखरेख में उनकी प्रगति अच्छी हो रही है। लेकिन बाद में उन्होंने इंग्लैंड में विशेषज्ञों से सलाह लेने का फैसला किया और राहुल विशेषज्ञों की राय लेने के लिए विदेश चले गए।

इस बीच, रणजी ट्रॉफी मैच के आखिरी दो दिन नहीं खेलने वाले श्रेयस अय्यर को रविवार को आईपीएल में खेलने के लिए फिट घोषित कर दिया गया। लेकिन श्रेयस को सलाह भी दी गई कि फॉरवर्ड डिफेंस खेलते समय अपने अगले पैर पर ज्यादा दबाव न डालें, नहीं तो उनकी चोट और बढ़ जाएगी।

close whatsapp