IPL 2024, RCB vs PBKS Turning point of match: पंजाब किंग्स के हाथों से कैसे छूटा मैच, जानिए क्या था मैच का टर्निंग पॉइंट?
दिनेश कार्तिक की तूफानी पारी और विराट कोहली की विस्फोटक 77 रनों की पारी की बदौलत आरसीबी ने अपनी पहली आईपीएल जीत दर्ज की।
अद्यतन - मार्च 25, 2024 11:50 अपराह्न

RCB vs PBKS: आईपीएल 2024 का छठवां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया। RCB ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पंजाब को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन ओपनर बेयरस्टो 8 रन पर अपना विकेट गंवा बैठे। जबकि मैक्सवेल की गेंद पर आउट होने से पहले शिखर धवन ने 37 गेंदों पर 5 चौकों और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाए। शिखर धवन के अलावा कोई भी बल्लेबाज 30 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। लेकिन सभी ने टीम के रन जोड़े। गेंदबाजों के साथ-साथ विकेटकीपर अर्जुन रावत ने प्रभसिमरन सिंह (25), लिविंगस्टोन (17), सैम करन (23), जितेश शर्मा (27) को आउट करने में बड़ी भूमिका निभाई।
पंजाब के शशांक सिंह ने अपनी छोटी लेकिन शानदार पारी से सभी को चौंका दिया। आखिरी ओवर में शशांक सिंह ने 8 गेंदों पर 2 छक्के और एक चौके की मदद से 21 रन बनाए। आखिरी ओवर में उनकी पारी ने टीम को 176 रन तक पहुंचाया। आरसीबी के लिए यश दयाल और अल्जारी जोसेफ ने 1-1 विकेट जबकि मैक्सवेल और सिराज ने 2-2 विकेट लिए।
विराट कोहली ने खेली शानदार पारी
पंजाब किंग्स के 177 रनों का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत धमाकेदार रही। सैम करन के पहले ओवर की दूसरी गेंद पर विराट कोहली को जीवनदान मिला। बेयरस्टो ने स्लिप में कोहली का कैच छोड़ा। राहुल चाहर ने भी कोहली का कैच छोड़ा और इसका नुकसान पंजाब को पूरे मैच में पहले ही ओवर में हुआ। कोहली ने आउट होने से पहले 49 गेंदों पर 11 चौकों और 2 छक्कों की मदद से विस्फोटक 77 रन बनाए। कोहली ने पहले ओवर में 4 चौकों की मदद से 16 रन बनाए। लेकिन फाफ डु प्लेसिस और कैमरून ग्रीन इस मैच में असफल रहे और दोनों 3 रन पर रबाड़ा की गेंद पर कैच आउट हो गए।
उनके बाद आए रजत पाटीदार आज अच्छी फॉर्म में थे लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके। पंजाब के आक्रामक गेंदबाज हरप्रीत बरार की गेंद पर बोल्ड होने से पहले उन्होंने एक चौका और एक छक्का सहित 18 रन बनाए। मैक्सवेल आज के मैच में भी असफल रहे और बरार की गेंद पर 3 रन पर क्लीन बोल्ड हो गए।
चूंकि विराट अच्छी फॉर्म में थे इसलिए उन्हें आउट करना मुश्किल था। लेकिन उनके पूर्व आरसीबी टीम के साथी हर्षल पटेल जो अब पंजाब टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने विराट को आउट किया और उनके बाद अनुज रावत भी 14 रन पर कैच आउट हो गए। यहां से RCB के लिए मुश्किलें बढ़ती गई और मैच पंजाब के पाले में आने लगा।
RCB vs PBKS: दिनेश कार्तिक और महिपाल लोमरोर की साझेदारी थी मैच का टर्निंग पॉइंट
दिनेश कार्तिक की तूफानी पारी और विराट कोहली की विस्फोटक 77 रनों की पारी की बदौलत आरसीबी ने अपनी पहली आईपीएल जीत दर्ज की। RCB ने दिनेश कार्तिक के शानदार चौके से 3 गेंद शेष रहते 4 विकेट से जीत हासिल की। विराट के आउट होने के बाद आए दिनेश कार्तिक ने शुरू से ही आक्रामक अंदाज दिखाया और चौकों-छक्कों की बरसात कर दी। कार्तिक ने 10 गेंदों की अपनी पारी में 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 28 रन बनाए। इम्पैकट के तौर पर आए महिपाल लोमरोर ने उनका साथ दिया और 8 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों की मदद से 17 रन बनाए। अंतिम ओवरों में दोनों के आक्रामक खेल की बदौलत आरसीबी ने आईपीएल 2024 में अपनी पहली जीत दर्ज की।