IPL 2024: फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी, जल्द ही मैदान पर वापसी करेंगे ऋषभ पंत, लेकिन…….
टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चोट के कारण लंबे समय से क्रिकेट मैदान से दूर हैं।
अद्यतन - दिसम्बर 12, 2023 11:16 पूर्वाह्न

IPL 2024 को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही है और आगामी सीजन के लिए ऑक्शन 19 दिसंबर को दुबई में होगा। इस ऑक्शन से पहले दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। ये खबर ऐसी जिसे सुनकर न सिर्फ दिल्ली कैपिटल्स के फैंस बल्कि टीम इंडिया के फैंस भी काफी खुश होंगे।
दरअसल दिल्ली कैपिटल्स ने आधिकारिक तौर पर 2024 आईपीएल सीजन के लिए पंत को अपना कप्तान घोषित कर दिया है, जो लगभग एक साल तक मैदान से बाहर हैं। पंत, वर्तमान में बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में रिहैब से गुजर रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि वो फरवरी के अंत तक पूरी फिटनेस हासिल कर लेंगे। हालामें उनकी उपस्थिति एनसीए से हरी झंडी मिलने पर निर्भर है।
IPL 2024 में विकेटकीपिंग नहीं करेंगे ऋषभ पंत
क्रिकबज के हवाले से एक फ्रेंचाइजी अधिकारी ने पुष्टि की, “अगर वह कीपिंग नहीं कर रहे हैं, तो वह निश्चित रूप से मैदान पर होंगे और टीम का नेतृत्व करेंगे।” इससे पता चलता है कि पंत इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आगामी सीजन में खेल सकते हैं। पिछले आईपीएल सीजन में उनकी गैरमौजूदगी में टीम को काफी नुकसान हुआ था और दिल्ली कैपिटल्स पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर रही थी।
पंत की वापसी का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है और दिल्ली कैपिटल्स आगामी सीजन में उनकी कप्तानी में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी। आईपीएल, ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज और आयरलैंड के खिलाफ सीरीज और एशिया कप और वर्ल्ड कप जैसे प्रमुख टूर्नामेंटों सहित महत्वपूर्ण मैचों से बाहर होने के बाद अब पंत जल्द ही मैदान पर वापसी करते हुए दिखेंगे। आपको बता दें कि दिसंबर 2022 के बाद से पंत भारत के लिए 62 मैचों से बाहर रहे हैं।
IPL 2024 ऑक्शन के लिए 214 भारतीयों और 119 विदेशी खिलाड़ियों सहित कुल 333 खिलाड़ियों की बोली लगाई जाएगी, जो दुबई में कोका-कोला मैदान में 19 दिसंबर को होने वाली है। ऑक्शन के लिए सबसे अधिक बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये है, जिसमें 23 प्लेयर ने खुद को रजिस्टर करवाया है, जबकि 13 खिलाड़ियों का बेस प्राइस 1.5 करोड़ रुपये है। ऑक्शन में ट्रैविस हेड, मिचेल स्टार्क और हैरी ब्रूक जैसे खिलाड़ियों की मांग रहने की उम्मीद है।