IPL 2024: गोल्डन डक पर आउट होते ही रोहित शर्मा ने दिनेश कार्तिक के इस शर्मनाक रिकॉर्ड की कर ली बराबरी - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2024: गोल्डन डक पर आउट होते ही रोहित शर्मा ने दिनेश कार्तिक के इस शर्मनाक रिकॉर्ड की कर ली बराबरी

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ रोहित शर्मा गोल्डन डक पर पवेलियन लौटे।

Rohit Sharma & Dinesh Karthik (Photo Source: IPL Official Website)
Rohit Sharma & Dinesh Karthik (Photo Source: IPL Official Website)

आईपीएल 2024 का 14वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। RR की शानदार गेंदबाजी के चलते मुंबई इंडियंस की टीम स्ट्रगल कर रही है।

ट्रेंट बोल्ट के खिलाफ रोहित शर्मा (Rohit Sharma) गोल्डन डक पर पवेलियन लौट गए। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शून्य पर आउट होने के बाद रोहित शर्मा ने अपने नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है। रोहित शर्मा आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक बार डक पर आउट होने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

Rohit Sharma ने की दिनेश कार्तिक की बराबरी

मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) पारी के पहले ही ओवर में विकेट गंवा बैठे थे। ट्रेंट बोल्ट ने अच्छी गेंद डाली थी, आउटसाइड एज लगा और विकेटकीपर संजू सैमसन ने अपनी दायीं ओर डाइव लगाते हुए एक हाथ से शानदार कैच पकड़ा।

आईपीएल में रोहित शर्मा 17वीं बार डक पर आउट हुए, और सर्वाधिक बार डक पर आउट होने वाले दिनेश कार्तिक (17) की बराबरी भी कर ली है। आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक बार डक पर आउट होने वाले बल्लेबाजों की सूची में ग्लेन मैक्सवेल, पीयूष चावला, मंदीप सिंह और सुनील नारायण भी शामिल है।

IPL इतिहास में सर्वाधिक बार डक पर आउट होने वाले बल्लेबाजों की सूची-

बल्लेबाज कितनी बार हुए आउट
रोहित शर्मा 17
दिनेश कार्तिक 17
ग्लेन मैक्सवेल 15
पीयूष चावला 15
मनदीप सिंह 15
सुनील नारायण 15

हार्दिक पांड्या नहीं खेल पाए बड़ी पारी

मुंबई इंडियंस ने मात्र 20 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए थे। रोहित शर्मा (0), नमन धीर (0), डेवाल्ड ब्रेविस (0) और ईशान किशन (16) सस्ते में पवेलियन लौट गए थे। हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा के बीच पांचवें विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी हुई। हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा दोनों युजवेंद्र चहल के खिलाफ विकेट गंवा बैठे। हार्दिक पांड्या ने 21 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 34 रन बनाए। वहीं तिलक वर्मा ने 29 गेंदों में 2 छक्कों की मदद से 32 रनों की पारी खेली।

close whatsapp