SRH ने तोड़ा 11 साल पुराना रिकॉर्ड, बनाया IPL इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर
हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए आईपीएल के इतिहास का हाईएस्ट टोटल बनाया।
अद्यतन - मार्च 27, 2024 9:53 अपराह्न
IPL 2024 का आठवां मुकाबला आज सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और मुंबई इंडियंस के बीच राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जो पूरी तरह से गलत साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने आईपीएल के इतिहास का हाईएस्ट टोटल स्कोर बोर्ड पर लगा दिया। SRH ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 277 रन बनाए।
मैच की बात करें तो पारी की शुरुआत से ही हैदराबाद के बल्लेबाज आक्रामक फॉर्म में दिखे। सबसे पहले ट्रैविस हेड ने 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उनके आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए अभिषेक शर्मा ने महज 16 गेंदों में अपनी फिफ्टी पर पूरी की। हेनरिक क्लासेन ने 23 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। मार्करम 28 गेंद में 42 रन, जबकि हेनरिक क्लासेन 34 गेंद में 80 रन बनाकर नाबाद लौटे।
IPL के इतिहास में अब तक का हाईएस्ट टोटल टीम द्वारा
- SRH 277/3 vs MI , 2024*
- RCB 263/5 vs PWI , 2013
- LSG 256/5 vs PBKS, 2023
- RCB 248/3 vs GL, 2016
- CSK 246/5 vs RR, 2010
- KKR 245/6 vs KXIP, 2018
- CSK 240/5 vs KXIP, 2008
- CSK 235/4 vs KKR, 2023
टूटा RCB का 11 साल पुराना रिकॉर्ड
इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2013 में पुणे वारियर्स के खिलाफ बेंगलुरु ने 5 विकेट खोकर 263 रन बनाए थे। इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल ने 66 गेंदों में 175 रन की पारी खेली थी जिसमें 13 चौके और 17 छक्के शामिल थे। इस मैच में एरोन फिंच की कप्तानी वाली पुणे वारियर्स को 130 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
SRH के लिए अभिषेक शर्मा ने जड़ा सबसे तेज अर्धशतक
अभिषेक शर्मा ने 16 गेंदों पर अर्धशतक जड़ते ही सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इससे पहले ये रिकॉर्ड ट्रेविस हेड के नाम था। ट्रेविस हेड ने इसी मैच में अभिषेक शर्मा से पहले 18 गेंदों पर अर्धशतक लगाकर ये रिकॉर्ड बनाया था। लेकिन अभिषेक शर्मा ने कुछ ही मिनट में ट्रेविस हेड को पीछे छोड़ दिया।