IPL 2025: SRH बनाम KKR मैच में हेनरिक क्लासेन की शतकीय पारी रही प्ले ऑफ द डे
मुकाबले में हैदराबाद ने 110 रनों से जीत हासिल की
अद्यतन - May 25, 2025 11:52 pm

IPL 2025, SRH vs KKR: आईपीएल के जारी सीजन का 68वां मैच सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच, दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। बता दें कि इस मुकाबले को सनराइजर्स हैदराबाद ने 110 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम किया है।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 279 रनों का लक्ष्य केकेआर के सामने जीत के लिए रखा, लेकिन जब केकेआर इस विशालकाय लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो वह 18.4 ओवरों में सिर्फ 168 रनों पर सिमट गई।
तो वहीं, मैच में हैदराबाद को इस बड़े लक्ष्य तक पहुंचाने में विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन की शतकीय पारी ने अहम भूमिका निभाई, जो बाद में मैच का प्ले ऑफ द डे भी रही। क्लासेन ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 37 गेंदों में आईपीएल इतिहास का संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज शतक लगाया, तो वहीं कुल 39 गेंदों में 7 चौके और 9 छक्कों की मदद से कुल 105* रनों की कमाल की पारी खेली।
हैदराबाद ने मैच को 110 रनों से किया अपने नाम
दूसरी ओर, मुकाबले में कमिंस एंड कंपनी ने 20 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर कुल 278 रन बनाए। टीम के लिए सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 32 और ट्रैविस हेड ने 76 रनों की पारी खेली, तो ईशान किशन ने 29 रनों का योगदान दिया।
इसके अलावा हेनरिक क्लासेन (105*) और अनिकेत वर्मा (12*) रन बनाकर नाबाद रहे। लेकिन जब केकेआर इस बड़े टारगेट का पीछा करने उतरी, तो वह 18.4 ओवर में सिर्फ 168 रनों पर ही सिमट गई। टीम के लिए सिर्फ मनीष पांडे ही 37 रनों की बड़ी पारी खेल पाए।
इसके अलावा और कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाया और टीम को 110 रनों के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा। यह हैदराबाद की जारी सीजन रनों के हिसाब से हासिल की गई सबसे बड़ी जीत है। तो वहीं, मैच में उसने जो टारगेट बनाया, वह आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा टोटल भी है।