CSK की ओर से डेब्यू करने के बाद आयुष म्हात्रे का 11 साल पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल । CricTracker Hindi

CSK की ओर से डेब्यू करने के बाद आयुष म्हात्रे का 11 साल पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ जमकर वायरल

युवा खिलाड़ी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 15 गेंद पर चार चौके और दो छक्कों की मदद से 32 रन की तूफानी पारी खेली।

Ayush Mhatre (Pic Source-X)
Ayush Mhatre (Pic Source-X)

17 वर्षीय आयुष म्हात्रे ने इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में 20 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए तमाम फैंस का दिल जीत लिया था। भले ही आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में आयुष म्हात्रे को किसी फ्रेंचाइजी ने ना खरीदा हो, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें ऋतुराज गायकवाड़ की जगह टीम में शामिल किया, जो इस टूर्नामेंट से चोटिल होने की वजह से बाहर हो चुके हैं।

युवा खिलाड़ी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 15 गेंद पर चार चौके और दो छक्कों की मदद से 32 रन की तूफानी पारी खेली। उनके इस शानदार पारी की वजह से खराब शुरुआत के बावजूद चेन्नई ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 176 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस ने इस मैच को 9 विकेट रहते अपने नाम कर लिया।

सोशल मीडिया पर इस मैच के खत्म होने के बाद एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें आयुष म्हात्रे 6 साल के हैं। इस वीडियो में आयुष म्हात्रे से जो भी सवाल पूछे जा रहे हैं उसका जवाब वह एक शब्द में दे रहे हैं। हालांकि, युवा खिलाड़ी के दादा ने सवालों के जवाब दिए जो अपने पोते को मुंबई के मैदानों पर खेलने के लिए ले जाया करते थे।

आयुष म्हात्रे के दादा लक्ष्मीकांत नायक ने कहा कि, ‘हमने बैट से उनका टैलेंट देखा था। हमें उम्मीद थी कि वह खेल में कुछ बड़ा करेंगे और हमारा यह फर्ज था कि हम उन्हें आगे बढ़ाए। हमने उन्हें वेंगसरकर क्रिकेट अकादमी भेजा। सचिन तेंदुलकर से पहले उनका नाम दिग्गज खिलाड़ियों में लिया जाता था। आयुष ने यहां काफी कुछ सीखा है।’

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में आयुष म्हात्रे ने छोड़ी है अपनी छाप

आयुष म्हात्रे ने मुंबई रणजी ट्रॉफी टीम में सलामी बल्लेबाज के रूप में अपना डेब्यू पिछले साल ईरानी ट्रॉफी में रेस्ट ऑफ़ इंडिया टीम के खिलाफ किया था। उन्होंने मुंबई टीम की ओर से 9 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसमें युवा खिलाड़ी ने दो शतक और एक अर्धशतक बनाया है। आयुष म्हात्रे ने 7 लिस्ट-A मैच भी खेले हैं, जिसमें उन्होंने दो शतक और एक अर्धशतक के दम पर 458 रन बनाए हैं।

आयुष म्हात्रे को आईपीएल 2025 के चेन्नई सुपर किंग्स के बचे हुए मुकाबलों में भी अपनी छाप छोड़ते हुए देखा जा सकता है। वह अभी काफी युवा खिलाड़ी हैं, उन्हें आगे भी जबरदस्त क्रिकेट खेलते हुए देखा जा सकता है।

close whatsapp