IPL 2025: ईशांत शर्मा पर BCCI ने ठोका जुर्माना, SRH के खिलाफ मैच में कर दी ऐसी गलती
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ ईशांत शर्मा ने 4 ओवर में 13.25 की इकॉनमी ने 53 रन लुटाए।
अद्यतन - अप्रैल 7, 2025 11:07 पूर्वाह्न

आईपीएल 2025 के 19वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को उनके घर पर 7 विकेट से मात दी। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 152 रन बनाए थे, जिसका GT ने 20 गेंदें शेष रहते हुए पीछा कर लिया। इस बीच, मैच के बाद बीसीसीआई ने गुजरात के गेंदबाज ईशांत शर्मा को बड़ा झटका दे दिया है। तेज गेंदबाज पर मैच फीस का 25 प्रतिशत फाइन ठोका गया है। आइए आपको बताते हैं कि ईशांत पर आखिर क्यों जुर्माना लगाया गया है।
ईशांत शर्मा को एक डिमिरेट पॉइंट भी मिला
आईपीएल ने गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के बाद 7 अप्रैल, सोमवार को आधिकारिक स्टेटमेंट जारी करते हुए बताया,
“गुजरात टाइटन्स के गेंदबाज इशांत शर्मा पर रविवार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपनी टीम के मैच के दौरान आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन के लिए मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और साथ ही उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी मिला है। इशांत शर्मा ने ऑर्टिकल 2.2 के तहत लेवल 1 के अपराध को स्वीकार किया और मैच रेफरी की सजा को स्वीकार कर लिया।”
आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट का ऑर्टिकल 2.2, मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या कपड़ों, मैदान के उपकरण या फिक्सचर और फिटिंग के दुरुपयोग से संबंधित है। इसमें सामान्य क्रिकेट एक्शन के अलावा, जैसे विकेटों को मारना या लात मारना और कोई भी ऐसा कार्य जो जानबूझकर या लापरवाही से विज्ञापन बोर्ड, बाउंड्री फेंस, ड्रेसिंग रूम के दरवाजे, आईना, खिड़कियां और अन्य फिक्सचर और फिटिंग को नुकसान पहुंचाता है।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ ईशांत शर्मा के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 4 ओवर में 13.25 की इकॉनमी ने 53 रन लुटाए। वहीं, गुजरात के बाकी चार गेंदबाजों ने मिलकर सिर्फ 99 रन दिए। सिराज ने 4 ओवर में 17 रन देकर चार विकेट झटके। जबकि प्रसिद्ध कृष्णा और साई किशोर ने 2-2 विकेट चटकाए।