IPL 2025: शशांक सिंह की भविष्यवाणी हुई सच, पंजाब किंग्स के टॉप-2 में पहुंचने के बाद वीडियो हुआ वायरल
शशांक सिंह ने भविष्यवाणी की थी कि पंजाब किंग्स आईपीएल 2025 के पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में रहेगी।
अद्यतन - मई 27, 2025 4:05 अपराह्न

पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 में कमाल का प्रदर्शन किया है। श्रेयस अय्यर की अगुवाई में टीम ने 26 मई, सोमवार को खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस को एकतरफा मात दी और क्वालीफायर-1 में अपनी जगह पक्की की। इससे पहले पंजाब ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया था। इस सीजन टीम ने अपने प्रदर्शन से फैन्स सहित तमाम दिग्गजों को भी हैरान कर दिया है।
हालांकि, इस बीच पंजाब किंग्स के खिलाड़ी शशांक सिंह का एक पुराना वीडियो काफी तेजी से वायरल हुआ है। जिसमें वह पंजाब के इस सीजन टॉप-2 में फिनिश करने की बात कह रहे हैं। दरअसल, आईपीएल 2025 शुरू होने से पहले शशांक सिंह एक पॉडकास्ट का हिस्सा बने थे, जिसमें उन्होंने पंजाब किंग्स को लेकर कुछ बातें कही थीं, जो अब सच साबित हुई है।
शशांक सिंह ने भविष्यवाणी की थी कि पंजाब किंग्स आईपीएल 2025 के पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में रहेगी। और बिल्कुल ऐसा ही देखने को मिला है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार जीत के बाद पंजाब ने लीग चरण को 14 मैचों में 19 अंकों के साथ समाप्त किया है। इसके साथ ही पंजाब को अब फाइनल में पहुंचने के लिए दो मौके मिलेंगे।
फ्रेंचाइजी ने भी इस वायरल वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किया है।
यहां देखें वीडियो-
2014 के बाद पहली बार टॉप-2 में बनाई जगह
आपको बता दें कि श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में पंजाब किंग्स ने 2014 के बाद पहली बार टॉप-2 में जगह बनाई है। रिकी पोंटिंग की कोचिंग में श्रेयस अय्यर की टीम ने कमाल कर दिखाया है। अब उनकी आखिरी ख्वाहिश इस बार ट्रॉफी जीतने के साथ पहली बार चैंपियन बनने की होगी।
टीम के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की बात करें, तो इस सीजन हर मुकाबले में पंजाब को नए मैच विनर मिले हैं। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है। दोनों ने पंजाब को लगभग पूरे सीजन में अच्छी शुरुआत दिलाई है। वहीं मध्य क्रम में श्रेयस अय्यर, नेहल वढेरा और मार्कस स्टोइनिस जैसे खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया है। गेंदबाजी की कमान अर्शदीप सिंह के कंधों पर रही है। उन्होंने अन्य गेंदबाजों के साथ मिलकर टीम को समय-समय पर सफलता दिलाई है।