आज के दो मैचों पर टिकी है 3 टीमों की किस्मत, एक साथ मिल सकता है प्लेऑफ का टिकट, समझें पूरा गणित
IPL में दो मुकाबले राजस्थान रॉयल्स बनाम पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स बनाम गुजरात टाइटंस के बीच खेले जाने हैं।
अद्यतन - May 18, 2025 1:18 pm

IPL 2025 में अभी तक 58 मुकाबले खेले जा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई भी टीम आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई है। हालांकि इस दौरान चार टीमें जरूर बाहर हो गई है। लेकिन आज यानी 18 मई को एक, दो नहीं बल्कि तीन-तीन टीमों को प्लेऑफ का टिकट मिल सकता है। इस समीकरण का टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज और मौजूद एक्सपर्ट आकाश चोपड़ा ने बखूबी समझाया है।
भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर होने के बाद IPL को 17 मई से रिस्टार्ट किया गया। लीग के दोबारा बहाल होने के बाद पहला डबल हेडर आज RR vs PBKS और DC vs GT- खेला जाना है। इन दो मुकाबलों के बाद प्लेऑफ की टीमों की तस्वीर साफ हो सकती है। आकाश चोपड़ा ने बताया है कि कैसे आज तीन टीमों को एक साथ प्लेऑफ का टिकट मिल सकता है।
RCB, PBKS और GT के पास है प्लेऑफ में पहुंचने का मौका
आकाश चोपड़ा ने बताया अगर आज राजस्थान रॉयल्स की टीम पंजाब किंग्स को IPL 2025 के 59वें मैच में हरा देती है तो आरसीबी को प्लेऑफ का टिकट मिल जाएगा। वहीं दूसरे मुकाबले में गुजरात टाइटंस की टीम दिल्ली कैपिटल्स को मात देती है तो शुभमन गिल की टीम भी अगले राउंड में पहुंच जाएगी। इस स्थिति में आरसीबी 17 और जीटी 18 पॉइंट्स के साथ प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाएगी।
पूर्व क्रिकेटर ने बताया अगर पहले मैच में पंजाब की टीम राजस्थान को तो दूसरे मैच में गुजरात की टीम दिल्ली को हरा देती है तो आरसीबी, जीटी और पीबीकेएस तीनों टीमें प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर लेगी। इस स्थिति में आरसीबी और पंजाब 17-17 व गुजरात टाइटंस 18 पॉइंट्स के साथ क्वालीफाई करेगी।
अगर ऐसा हुआ तो हो जाएगा खेला
अगर पंजाब किंग्स की टीम राजस्थान रॉयल्स को और दिल्ली कैपिटल्स की टीम गुजरात टाइटंस को आज हराने में कामयाब रहती है तो एक भी टीम को प्लेऑफ का टिकट नहीं मिलेगा। इस स्थिति में पंजाब के खाते में 17 और दिल्ली के खाते में 15 अंक हो जाएंगे। ऐसे में फैंस और टीमों को थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।