IPL 2026: धोनी की चोट से CSK को बड़ा झटका, GT मुकाबले से पहले रांची लौटे माही

IPL 2026: धोनी की चोट से CSK को बड़ा झटका, GT मुकाबले से पहले रांची लौटे माही

अंगूठे में चोट के चलते अहमदाबाद नहीं पहुंचे एमएस धोनी, माइकल हसी ने कहा- प्लेऑफ में पहुंची CSK तो कर सकते हैं वापसी

MS dhoni (Image credit Twitter - X)
MS dhoni (Image credit Twitter – X)

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को आईपीएल 2026 के अहम मोड़ पर बड़ा झटका लगा है। टीम के पूर्व कप्तान और अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज एम.एस. धोनी अंगूठे की चोट के कारण रांची लौट गए हैं और गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए अहमदाबाद नहीं पहुंचे। यह मुकाबला 21 मई को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

धोनी की गैरमौजूदगी की पुष्टि CSK के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में की। उन्होंने बताया कि धोनी के अंगूठे में हल्की चोट है और मेडिकल टीम उनकी रिकवरी पर लगातार काम कर रही है।

माइकल हसी ने कहा कि धोनी फिलहाल टीम के साथ नहीं हैं, लेकिन अगर चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर जाती है तो वह दोबारा टीम से जुड़ सकते हैं। हसी के मुताबिक चोट गंभीर नहीं है, लेकिन गुजरात के खिलाफ मैच तक पूरी तरह फिट होना संभव नहीं था।

उन्होंने कहा कि टीम को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में धोनी की स्थिति बेहतर होगी। ऐसे में अगर CSK नॉकआउट चरण में जगह बनाती है तो फैंस एक बार फिर उन्हें मैदान पर देख सकते हैं।

SRH के खिलाफ हार से टूटा टीम का मनोबल

हसी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिली हार को भी काफी निराशाजनक बताया। चेन्नई को अपने घरेलू मैदान एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, जिससे टीम की प्लेऑफ की राह मुश्किल हो गई।

उन्होंने कहा कि घरेलू दर्शकों के सामने हारना खिलाड़ियों के लिए बेहद दुखद था। ड्रेसिंग रूम का माहौल काफी शांत और निराश था, लेकिन कोच स्टीफ फ्लेमिंग ने खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और आखिरी मौके का पूरा फायदा उठाने के लिए प्रेरित किया।

हालांकि, धोनी SRH के खिलाफ मुकाबले में नहीं खेले थे, लेकिन वह चेपॉक स्टेडियम में मौजूद रहे। मैच के बाद हुए आधिकारिक फोटोशूट और टीम के ‘लैप ऑफ एप्रीसिएशन’ में भी उन्होंने हिस्सा लिया।

फैंस ने एक बार फिर अपने पसंदीदा खिलाड़ी के लिए जोरदार समर्थन दिखाया। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या CSK प्लेऑफ में जगह बना पाएगी और क्या धोनी एक बार फिर पीली जर्सी में मैदान पर वापसी करेंगे?

close whatsapp