IPL 2026: पुणे का एमसीए स्टेडियम बना राजस्थान राॅयल्स का नया होम ग्राउंड!

IPL 2026: पुणे का एमसीए स्टेडियम बना राजस्थान राॅयल्स का नया होम ग्राउंड!

राजस्थान क्रिकेट संघ के मतभेद के चलते राॅयल्स फ्रेंचाइजी को अपना होम ग्राउंड बदलना पड़ा है।

MCA Stadium (Image Credit- Twitter X)
MCA Stadium (Image Credit- Twitter X)

आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) और राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के बीच चल रहे मतभेद अब बड़ा रूप लेते नजर आ रहे हैं। ताजा जानकारी के अनुसार, राजस्थान रॉयल्स ने लगभग यह तय कर लिया है कि वह अपने घरेलू मुकाबले जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम के बजाय पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) स्टेडियम में खेलेगी। अगर यह फैसला अंतिम रूप लेता है, तो 2026 सीजन में राजस्थान रॉयल्स जयपुर से बाहर अपने होम मैच खेलती दिखाई दे सकती है।

इससे पहले इस रेस में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का नाम भी सामने आया था, जो बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बजाय पुणे में मैच खेलने पर विचार कर रही थी। दरअसल, चिन्नास्वामी स्टेडियम अभी तक सुरक्षा मानकों को लेकर जांच के दौर से गुजर रहा है। आरसीबी की जीत के बाद निकाली गई विजय परेड के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद से स्टेडियम पर अस्थायी रोक लगी हुई है।

दूसरी ओर, जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम भी सुरक्षा कारणों से सवालों के घेरे में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह स्टेडियम जरूरी सेफ्टी और इवैक्यूएशन नियमों का पूरी तरह पालन नहीं कर पाया है।

इसके अलावा, राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की स्थिति भी फिलहाल ठीक नहीं है। अदालत के आदेश के बावजूद RCA में अब तक प्रशासकों की नियुक्ति नहीं हो पाई है, जिससे प्रबंधन से जुड़े कई फैसले अटके हुए हैं।

पुणे का MCA स्टेडियम पहले भी आईपीएल मैचों की मेजबानी कर चुका है। यहां पहला आईपीएल मुकाबला साल 2012 में खेला गया था, जिसमें पुणे वॉरियर्स इंडिया और किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) आमने-सामने थे।

इसके बाद यह मैदान दो सीजन तक पुणे वॉरियर्स इंडिया का घरेलू मैदान रहा। बाद में यह राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स का स्थायी होम ग्राउंड भी बना, जो आईपीएल 2016 व 2017 के दौरान एक्टिव रही।

महाराष्ट्र में यह चौथा ऐसा मैदान है, जहां आईपीएल मैच आयोजित हुए हैं। इससे पहले वानखेड़े, ब्रेबोर्न और नवी मुंबई का डीवाई पाटिल स्टेडियम आईपीएल की मेजबानी कर चुके हैं।

पुणे में आखिरी आईपीएल मुकाबला 2022 में खेला गया था, जब कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने थे। अब देखना होगा कि क्या राजस्थान रॉयल्स वाकई 2026 में पुणे को अपना नया घरेलू मैदान बनाती है।

MCA स्टेडियम, पुणे में आईपीएल मैचों का रिकॉर्ड क्या है?

मैच खेले गए 51
पहले बल्लेबाजी करते हुए जीत हासिल की 28
दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए जीत हासिल की 23
उच्चतम कुल दर्ज 211/4 (सीएसके बनाम डीसी द्वारा)
सबसे कम कुल दर्ज किया गया 73 (PBKS द्वारा)
पहला मैच 8 अप्रैल, 2012
सबसे हालिया मैच 14 मई, 2022
घरेलू टीमें (नामित) पुणे वॉरियर्स इंडिया, किंग्स इलेवन पंजाब, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स

close whatsapp