PBKS vs DC: दिल्ली कैपिटल्स तो जीत गई लेकिन कप्तान अक्षर पटेल पर बीसीसीआई ने ठोक दिया जुर्माना
दिल्ली ने पंजाब को रोमांचक मुकाबले में तीन विकेट से हराया
अद्यतन - May 12, 2026 10:52 am

दिल्ली कैपिटल्स ने जारी आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की रेस में खुद को बनाए रखा है। बता दें मैच नंबर 55 में डीसी ने पंजाब किंग्स के खिलाफ धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में 3 विकेट से जीत हासिल की। यह जीत कैपिटल्स की जारी आईपीएल सीजन की पांचवीं जीत रही। फिलहाल वह आईपीएल 2026 की अंकतालिका में 12 मैचों में 10 अंक लिए 7वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
हालांकि, मुकाबले में भले ही दिल्ली कैपिटल्स ने जीत हासिल की, लेकिन टीम के कप्तान व हरफनमौला खिलाड़ी अक्षर पटेल पर बीसीसीआई ने जुर्माना लगाया है। बता दें अक्षर पर मुकाबले में स्लो ओवर रेट के चलते जुर्माना लगाया गया है।
आईपीएल ने एक आधिकारिक प्रेस रिलीज के माध्यम से कहा- “चूंकि यह आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत उनकी टीम का इस सीजन का पहला उल्लंघन था, जो स्लो ओवर-रेट से संबंधित है, इसलिए अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।”
दिल्ली कैपिटल्स ने 3 विकेट से जीत हासिल की
तो वहीं, इस मुकाबले में दिल्ली के गेंदबाजों ने शुरुआत में रन गंवाने के बाद आखिरी के 10 ओवरों में वापसी की। पंजाब ने 70 रनों पर कोई विकेट नहीं गंवाया था, लेकिन फिर भी टीम 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर कुल 210 रन बनाए। पंजाब के लिए प्रियांश आर्य ने 56 रनों की पारी खेली, तो श्रेयस अय्यर 59* रन बनाकर नाबाद रहे। इसके बाद डीसी ने इस टारगेट को बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते 19 ओवरों में 7 विकेट खोकर रोमांचक तरीके से हासिल कर लिया।
तो वहीं, मैच खत्म होने के बाद अक्षर पटेल ने कहा- जाहिर है, जैसा कि मैं पिछले कुछ मैचों से कहता आ रहा हूँ, मुख्य समस्या अहम मौकों को गंवाना था। जब भी खेल के निर्णायक क्षण आए, हम उनमें हारते रहे। फिर भी, मैं यही कहता रहा कि यह एक बहुत अच्छी टीम है और हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं। बस खेल के एक-दो अहम पल हमें भारी पड़ गए। लेकिन लंबे टूर्नामेंट में ऐसा होता रहता है। हर दिन अलग होता है। तो हाँ, आज टीम के प्रदर्शन से मैं बहुत खुश हूँ और उम्मीद है कि हम इसी तरह खेलते रहेंगे।