यशस्वी जायसवाल को वनडे में और मौके मिलने चाहिए: इरफान पठान
जायसवाल को वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी घरेलू वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया में मौका मिला है।
अद्यतन - सितम्बर 19, 2026 4:14 अपराह्न

6 फरवरी 2025 को इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू करने वाले यशस्वी जायसवाल ने साबित कर दिया है कि वह भारतीय टीम के लिए वनडे फाॅर्मेट में भी एक काबिल ओपनर बल्लेबाज बनने की पूरी क्षमता रखते हैं। तो वहीं, हाल में ही बीसीसीआई ने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के लिए जो टीम चुनी है, उसमें जायसवाल को बतौर तीसरे ओपनर के रूप में जगह मिली है।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में खेले जाने वाले पहले मुकाबले से होगी। इस बीच, वनडे सीरीज से पहले पूर्व टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन और क्रिकेट कमेंटेटर इरफान पठान ने जायसवाल का समर्थन किया है। पूर्व ऑलराउंडर ने खिलाड़ी को वनडे फाॅर्मेट में ज्यादा मौके मिलने की वकालत की है।
यशस्वी जायसवाल के सपोर्ट में उतरे पठान
हाल में ही पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा “इस सीरीज में एक खिलाड़ी ऐसा है जिस पर मैं नजर रखूंगा। वह हैं यशस्वी जायसवाल, मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि उन्हें कितने मौके मिलते हैं, खासकर वेस्टइंडीज के खिलाफ इस एक वनडे सीरीज में।”
इरफान ने आगे कहा “देखिए, एक बात तो तय है। जायसवाल आपके बैकअप ओपनर हैं। फिलहाल वो आपके तीसरे ओपनर हैं। जब तक आप साउथ अफ्रीका (वनडे विश्व कप के लिए) पहुंचेंगे, तब तक ऐसा नहीं होना चाहिए कि आपके बैकअप ओपनर को पर्याप्त मौके न मिले। इसलिए, जब भी मौका मिले, उन्हें नियमित रूप से खेलते देखना मेरे लिए यही मायने रखता है कि उन्हें टीम में होना चाहिए।”
वेस्टइंडीज के भारत दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जयसवाल और नमन धीर
ये भी पढ़ें – क्या KKR में जाएंगे रोहित शर्मा? अभिषेक नायर के सवाल पर ‘हिटमैन’ के एक शब्द के जवाब ने जीता फैंस का दिल