इरफान पठान ने चुनी आईपीएल 2023 की बेस्ट प्लेइंग-12, नहीं दी 5 बार के चैंपियन कप्तान को जगह - क्रिकट्रैकर हिंदी

इरफान पठान ने चुनी आईपीएल 2023 की बेस्ट प्लेइंग-12, नहीं दी 5 बार के चैंपियन कप्तान को जगह

एमएस धोनी की कप्तानी में पांचवीं बार आईपीएल चैंपियन बनी चेन्नई सुपर किंग्स।

Rohit Sharma Irfan Pathan MS Dhoni (Photo Source: Twitter)
Rohit Sharma Irfan Pathan MS Dhoni (Photo Source: Twitter)

आईपीएल 2023 का समापन हो चुका है। एमएस धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन पांचवीं बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इस सीजन का फाइनल मैच खेला गया जहां चेन्नई ने गुजरात को 5 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर अपना कब्ज़ा जमाया। बारिश के कारण बाधित फाइनल मुकाबले में चेन्नई के गेंदबाज जहां फ्लॉप रहे वहीं बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाई।

हालांकि इन सबके बीच टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर इरफान पठान ने आईपीएल 2023 की अपनी प्लेइंग 12 का खुलासा किया है। इरफान पठान ने ट्वीट कर इस सीजन के अपने 12 बेस्ट खिलाड़ियों का नाम बताया। उनकी टीम को देखकर सबसे हैरानी भरी बात ये रही कि, उन्होंने इस टीम में न तो चेन्नई को 5 बार चैंपियन बनाने वाले धोनी को जगह दी और न ही रनरअप टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या को।

इरफान ने अपनी टीम में फाफ डु प्लेसिस को कप्तान बनाया है। उन्होंने शुभमन गिल और डु प्लेसिस को ओपनर्स के रूप में टीम में जगह दी है। पठान ने नंबर तीन पर विराट कोहली को चुना है। इसके बाद उन्होंने सूर्यकुमार यादव को जगह दी है। वहीं फिनिशर की भूमिका के लिए उन्होंने केकेआर के रिंकू सिंह और SRH के हेनरिक क्लासेन को टीम में रखा है। वहीं स्पिन गेंदबाजी के लिए रवींद्र जडेजा और राशिद को टीम में चुना।

यहां देखिए इरफान पठान का वो ट्वीट

वहीं तेज गेंदबाजी की बात करें पठान ने मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, मोहित शर्मा और मथीशा पथिराना को टीम में शामिल किया है। उन्होंने इसके साथ ये भी साफ कर दिया कि सिराज और शमी नई गेंद के साथ गेंदबाजी करेंगे वहीं पथिराना और मोहित डेथ ओवर्स के गेंदबाज होंगे। इरफान पठान ने जिन खिलाड़ियों को अपनी टीम में रखा है उनका इस सीजन में प्रदर्शन वाकई शानदार था लेकिन एमएस धोनी को टीम में न रखना यह फैंस के लिए किसी झटके से कम नहीं था।

इरफान पठान की प्लेइंग 12: फाफ डु प्लेसिस ( कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हेनरिक क्लासेन, रिंकू सिंह, रवींद्र जडेजा, राशिद खान, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, मोहित शर्मा, मथीशा पथिराना

close whatsapp