वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में अच्छा प्रदर्शन कर ईशान किशन और शुभमन गिल ने ICC वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में लगाई लंबी छलांग
तीन मुकाबले की वनडे सीरीज में शुभमन गिल ने तीन पारियों में 42 की औसत से 126 रन बनाए थे।
अद्यतन - अगस्त 9, 2023 4:59 अपराह्न

वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में जबरदस्त प्रदर्शन करने के बाद भारतीय टीम के युवा खिलाड़ी ईशान किशन और शुभमन गिल की ICC वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में भारी इजाफा हुआ है। बता दें, तीन मुकाबले की वनडे सीरीज में शुभमन गिल ने तीन पारियों में 42 के औसत से 126 रन बनाए थे। वो इस सीरीज में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे।
वहीं ईशान किशन को प्लेयर ऑफ द सीरीज अवार्ड से नवाजा गया था क्योंकि उन्होंने तीन पारियों में तीन अर्धशतक की बदौलत 184 रन बनाए थे। लेटेस्ट वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शुभमन गिल 743 रेटिंग के साथ पांचवे पायदान पर पहुंच चुके हैं। चौथे पायदान पर पाकिस्तान के इमाम उल हक है जिनकी 745 रेटिंग है जबकि तीसरे स्थान पर फखर जमान है जिनकी 755 रेटिंग है।
ईशान किशन की बात की जाए तो वो अपने अभी तक के करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल कर चुके है। वो अभी 36वें स्थान पर है। वहीं वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में पहला स्थान बाबर आजम ने हासिल किया हुआ है। उनकी 886 रेटिंग है।
कुलदीप यादव की रैंकिंग में भी हुआ बड़ा इजाफा
गेंदबाजी रैंकिंग की बात की जाए तो शार्दुल ठाकुर और कुलदीप यादव की रैंकिंग में भी भारी इजाफा है। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में काफी अच्छी गेंदबाजी की थी। ठाकुर सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे जबकि कुलदीप यादव दूसरे नंबर पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। कुलदीप यादव टॉप 10 में अपना स्थान बना चुके हैं जबकि ठाकुर ने 30वीं रैंकिंग हासिल की। इस लिस्ट में पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड है जिनकी 705 रेटिंग है।
ऑलराउंडर रैंकिंग में हार्दिक पांड्या 210 रेटिंग के साथ 11वां स्थान हासिल कर चुके हैं। उन्होंने इस सीरीज में 82 रन बनाए थे और एक विकेट झटका था। शाकिब अल हसन ऑलराउंडर की रैंकिंग में पहले स्थान पर हैं। उनकी 371 रेटिंग है।
टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग की बात की जाए तो युवा खिलाड़ी तिलक वर्मा ने 46वां स्थान हासिल किया है। उन्होंने इस समय खेले जा रहे वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मुकाबले की टी-20 सीरीज के पहले टी-20 मैच में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया। अभी तक उन्होंने 3 पारियों में 139 रन बनाए हैं और वो अभी तक इस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज है।