‘अगर हमें अच्छा स्टार्ट मिला, तो क्यों नहीं’ IPL में मुंबई के खिलाफ 300 से अधिक स्कोर की संभावना पर ईशान किशन
आईपीएल में आज मुंबई का सामना हैदराबाद से होने वाला है।
अद्यतन - Apr 17, 2025 5:40 pm

जारी आईपीएल में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच से पहले सनराइजर्स हैदराबाद के लिए नंबर 3 पर खेलने वाले स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने बड़ा बयान दिया है। किशन का कहना है कि अगर इस मैच में टीम को अच्छा स्टार्ट मिला, तो जरूर टीम को 300 का स्कोर बनाना चाहिए।
गौरतलब है कि आज 17 अप्रैल को पांच बार की चैंपियन एमआई का सामना एसआरएच से होने वाला है। दोनों टीमों के बीच यह मैच मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। लेकिन इस मैच के शुरू होने से पहले किशन ने बड़ा बयान दिया है।
ईशान किशन ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच से पहले जियोहाॅटस्टार के साथ चर्चा करते हुए 300 रनों के स्कोर वाले सवाल का जबाव देते हुए किशन ने कहा- जब आप लक्ष्य का पीछा करते हैं, तो आपके दिमाग में एक लक्ष्य होता है। लेकिन जब आप पहले बल्लेबाजी करते हैं, तो आप बस गेंद को खेलते हैं।
फिर आप तय करते हैं कि पहले छह ओवरों के बाद आप कहां जा सकते हैं और आप उस विकेट पर कितने अच्छे हैं। इसलिए, मैं स्कोर के बारे में बहुत ज्यादा नहीं सोचना चाहता, लेकिन देखते हैं। अगर हमें अच्छी शुरुआत मिलती है, तो क्यों नहीं?
किशन ने आगे कहा- चाहे आप नंबर 3 पर बल्लेबाजी कर रहे हों या 4 पर, स्थिति ज्यादातर एक जैसी होती है। आपको बस यह तय करना है कि आप मैच को किस तरह खेलना चाहते हैं। कोच द्वारा दी गई राय इसे आपके लिए आसान बनाती है, क्योंकि आपको अपनी भूमिका पता होती है।
तो वहीं, जारी आईपीएल 2025 में किशन के प्रदर्शन के बारे में जानकारी दें, तो उन्होंने खेले गए 6 मैचों में 34 की औसत और 164.35 के स्ट्राइक रेट से कुल 136 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 106 रनों की शतकीय पारी खेली, लेकिन बाकी पांच मैचों में उनके बल्ले से रन नहीं निकले हैं। देखने लायक बात होगी कि किशन अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी के खिलाफ कैसा प्रदर्शन करने वाले हैं?