“2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी शुरू करने का एक शानदार….”- ODI से संन्यास के बाद ये क्या बोल गए स्मिथ
स्टीव स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 169 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 5 हजार से अधिक रन बनाए हैं।
अद्यतन - मार्च 5, 2025 7:53 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी स्टीव स्मिथ ने आज वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में मिली हार के बाद स्टीव स्मिथ ने यह फैसला लिया। ऑस्ट्रेलिया के रेगुलर कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में स्टीव स्मिथ ने चैंपियंस ट्रॉफी में कप्तानी की और उनकी टीम सेमीफाइनल तक का सफर तय करने में कामयाब रही।
सेमीफाइनल मैच में स्टीव स्मिथ की नेतृत्व वाली टीम को भारत ने 4 विकेट से मात दी। इस मैच में मिली हार के बाद अब स्मिथ ने वनडे क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। संन्यास को लेकर स्मिथ ने कहा कि, उन्होंने वनडे क्रिकेट में अपने सफर का आनंद लिया। अब वो टेस्ट क्रिकेट खेलने पर ध्यान देंगे। वही उनका अब अगला लक्ष्य है।
संन्यास के फैसले पर क्या बोले स्टीव स्मिथ
स्मिथ ने आज एक प्रेस रिलीज में कहा कि, “यह एक शानदार सफर रहा और मैंने इसके हर मिनट का आनंद लिया। बहुत सारे अद्भुत पल और अद्भुत यादें हैं। दो वर्ल्ड कप जीतना एक बड़ी उपलब्धि थी, साथ ही कई शानदार साथियों ने भी इस जर्नी को शेयर किया। उन्होंने आगे कहा, “अब लोगों के लिए 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी शुरू करने का एक शानदार अवसर है, इसलिए ऐसा लगता है कि यह सही समय है।”
टेस्ट क्रिकेट को लेकर उन्होंने कहा कि, “टेस्ट क्रिकेट अभी भी प्राथमिकता है और मैं वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल, सर्दियों में वेस्टइंडीज और फिर घर पर इंग्लैंड के खिलाफ खेलने को लेकर उत्साहित हूं। मुझे लगता है कि मुझे अभी भी उस मंच पर योगदान देने के लिए बहुत कुछ करना है।”
वनडे में स्मिथ का प्रदर्शन
स्टीव स्मिथ की बात करें तो दाएं हाथ के बल्लेबाज ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 169 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं। वे इन मैचों की 153 पारियों में कुल 5727 रन बनाने में सफल रहे। उनका सर्वाधिक स्कोर 164 है। उनका औसत इस फॉर्मेट में 43.06 का है, जबकि 87.13 के स्ट्राइक रेट से स्टीव स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में रन बनाए हैं। इसमें 12 शतक और 34 अर्धशतक शामिल हैं। वे 20 बार नाबाद भी लौटे हैं। उन्होंने 517 चौके और 57 छक्के वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में जड़े हैं।