हार्दिक पांड्या और क्रुणाल पांड्या की कहानी सभी के लिए काफी प्रेरणादायक है - सुनील गावस्कर - क्रिकट्रैकर हिंदी

हार्दिक पांड्या और क्रुणाल पांड्या की कहानी सभी के लिए काफी प्रेरणादायक है – सुनील गावस्कर

क्रुणाल और हार्दिक पांड्या के पिता हिमांशु पांड्या का देहांत पिछले साल 2021 की जनवरी में वडोदरा में कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुआ था।

Hardik Pandya and Krunal Pandya. (Photo Source: Twitter)
Hardik Pandya and Krunal Pandya. (Photo Source: Twitter)

भारतीय टीम के दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने क्रुणाल पांड्या और हार्दिक पांड्या की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा है कि पिछले साल अपने पिता को खोने के बावजूद दोनों भाइयों ने कड़ी मेहनत करके अपने प्रदर्शन में सुधार किया है और इस समय उनका फॉर्म काफी जबरदस्त है। सुनील गावस्कर ने यह बयान तब दिया जब दोनों भाइयों ने फादर्स डे (19 जून) के दिन एक तस्वीर को साझा किया।

क्रुणाल और हार्दिक पांड्या के पिता हिमांशु पांड्या का देहांत पिछले साल जनवरी में वडोदरा में कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुआ था। आज दोनों भाई जिस मुकाम पर भी हैं अपने पिता की वजह से हैं। दोनों भाइयों ने अपने कई सोशल मीडिया पोस्ट पर पिता के साथ तस्वीरें और वीडियो साझा की हैं। मार्च 2021 में खेले गए इंग्लैंड के खिलाफ वनडे मुकाबले की पहली पारी खत्म होने के बाद दोनों भाई गले लगकर अपने पिता की याद में रो रहे थे।

यह कमाल की कहानी है: सुनील गावस्कर

स्टार स्पोर्ट्स में बातचीत के दौरान सुनील गावस्कर ने कहा कि, ‘यह दोनों भाइयों के लिए कमाल की कहानी है। पिछले साल उनके पिता का देहांत हो गया था। उनके फादर्स डे की तस्वीरों में देखा जा सकता है कि वे लोग अपने पिता के कितने करीब थे। उनका वो समय काफी चुनौतीपूर्ण रहा था। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और फिर से जबरदस्त वापसी की।

बता दें, IPL 2021 के बाद मुंबई इंडियंस (MI) ने दोनों भाइयों को टीम से रिलीज कर दिया था जिसके बाद हार्दिक पांड्या गुजरात टाइटंस (GT) की टीम में शामिल हुए थे और क्रुणाल पांड्या लखनऊ सुपर जाइंट्स (GT) की टीम में। इन दोनों फ्रेंचाइजियों का यह पहला IPL सीजन था। हार्दिक को GT का कप्तान भी नियुक्त किया गया था।

दोनों ने अपनी-अपनी फ्रेंचाइजियों के लिए कमाल का प्रदर्शन किया था। क्रुणाल पांड्या ने इस सीजन में 14 मुकाबलों में 183 रन बनाए थे और 10 विकेट्स हासिल किए थे।

वहीं दूसरी तरफ हार्दिक पांड्या ने 15 मुकाबलों में 487 रन बनाए थे और 8 विकेट्स अपने नाम किए थे। यही नहीं हार्दिक पांड्या की कप्तानी में GT अपना पहला IPL कप भी जीती थी। आयरलैंड के खिलाफ होनी वाली दो मुकाबलों की टी-20 सीरीज में हार्दिक पांड्या को भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। इस सीरीज का पहला मुकाबला 26 जून को डबलिन में खेला जाएगा।

close whatsapp