युजवेंद्र चहल की जगह अब रवि बिश्नोई टीम को टीम इंडिया में शामिल करना चाहते हैं गौतम गंभीर!
रवि बिश्नोई ने एशिया कप 2022 के सुपर 4 में पाकिस्तान के खिलाफ 4 ओवर में 26 रन देकर 1 विकेट झटका था।
अद्यतन - सितम्बर 6, 2022 4:02 अपराह्न

एशिया कप 2022 में जहां एक तरफ भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में अपने दोनों मुकाबले जीते थे और सुपर 4 में आराम से क्वालीफाई कर लिया था, वहीं दूसरी ओर 4 सितंबर को खेले गए अपने पहले सुपर 4 मुकाबले में उन्हें पाकिस्तान के हाथों शिकस्त मिली। बता दें, इस टूर्नामेंट में चोटिल होने की वजह से ना तो जसप्रीत बुमराह खेल रहे हैं और ना ही हर्षल पटेल।
तेज गेंदबाजों की सूची में भारतीय टीम के पास भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और आवेश खान मौजूद है। बीमार होने की वजह से आवेश खान पाकिस्तान के खिलाफ हुए मुकाबले में नहीं खेल पाए थे और उनकी जगह प्लेइंग XI में रवि बिश्नोई को शामिल किया गया।
रवि बिश्नोई ने पाकिस्तान के खिलाफ काफी अच्छा प्रदर्शन किया और 4 ओवर में 26 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया। यह अहम विकेट पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम का था। इसी के साथ गौतम गंभीर ने बिश्नोई को लेकर कहा है कि अब उन्हें ज्यादा से ज्यादा मुकाबलों में मौका देना चाहिए।
अब समय आ गया है कि बिश्नोई को लगातार मुकाबले खिलाए जाएं: गौतम गंभीर
पाकिस्तान के खिलाफ हुए मुकाबले में रोहित शर्मा ने दो बदलाव किए थे। यह दोनों बदलाव मजबूरी में करने पड़े क्योंकि रवींद्र जडेजा चोटिल होने की वजह से इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं और आवेश खान बुखार की वजह से इस मुकाबले में हिस्सा नहीं ले पाए। इन दोनों खिलाड़ियों की जगह रवि बिश्नोई और दीपक हुड्डा को टीम में शामिल किया गया।
इसी के साथ गौतम गंभीर ने रवि बिश्नोई की गेंदबाजी की तारीफ की है। उन्होंने भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले के बाद स्टार स्पोर्ट्स के शो में कहा कि, ‘सच में रवि बिश्नोई ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी की। चहल का प्रदर्शन इतना अच्छा नहीं था इसलिए अब समय आ गया है कि बिश्नोई को लगातार मुकाबले खिलाए जाएं। मुझे लगता है कि श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में अगर आवेश खान सही हो जाते हैं तो उन्हें चहल की जगह प्लेइंग XI में शामिल करना चाहिए।’
युजवेंद्र चहल की फॉर्म को लेकर रोहित शर्मा होंगे चिंतित
बता दें, चहल ने एशिया कप 2022 में अब तक तीन मुकाबलों में मात्र एक विकेट ले पाए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप स्टेज मुकाबले में 4 ओवर में 32 रन दिए। हांगकांग के खिलाफ 4 ओवर में 18 रन और पाकिस्तान के खिलाफ सुपर 4 मुकाबले में 4 ओवर में 43 रन देकर 1 विकेट झटका।
वहीं दूसरी ओर रवि बिश्नोई ने पाकिस्तान के खिलाफ सुपर 4 मुकाबले में बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में 26 रन देकर 1 विकेट झटका। अगर भारत को एशिया कप के फाइनल में पहुंचना है तो उन्हें श्रीलंका के खिलाफ जीतना ही होगा। अब रोहित शर्मा के लिए सबसे बड़ी परेशानी यही है कि अगर आवेश खान इस मुकाबले के लिए ठीक हो जाते हैं तो उन्हें किसकी जगह प्लेइंग XI में शामिल किया जाएगा।