चैंपियंस ट्राॅफी से पहले पाकिस्तान के प्रैक्टिस सेशन की बासित अली ने की आलोचना, कहा- ‘ऐसा लग रहा था जैसे कोई शादी का..’
इस बार पाकिस्तान की मेजबानी में खेली जाएगी चैंपियंस ट्राॅफी 2025
अद्यतन - फरवरी 5, 2025 1:21 अपराह्न

आगामी चैंपियंस ट्राॅफी के 8वें सीजन से पहले सभी टीमें अपनी-अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देती हुई नजर आ रही हैं। गौरतलब है कि इस बार 8 देशों के बीच खेले जाने वाला मल्टीनेशन टूर्नामेंट, पाकिस्तान की मेजबानी में पाकिस्तान और यूएई में संयुक्त रूप से खेला जाएगा।
पहला मैच गत चैंपियंन पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच 19 फरवरी को कराची के नेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरी ओर, चैंपियंस ट्राॅफी से पहले पाकिस्तान अपनी तैयारियों को और मजबूत करने के लिए साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के साथ एक ट्राई सीरीज भी खेलने वाली है। इस सीरीज की शुरुआत 8 फरवरी से हो रही है।
तो वहीं, इस ट्राई सीरीज से पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम 4 जनवरी मंगलवार को घानी ग्लास ग्राउंड पर आपस में एक प्रैक्टिस मैच खेलती हुई नजर आई। दूसरी ओर, पाकिस्तान क्रिकेट टीम के इस प्रैक्टिस सेशन की पूर्व खिलाड़ी बासित अली (Basit Ali) जमकर आलोचना करते हुए नजर आए हैं।
Basit Ali ने की पाकिस्तान टीम की आलोचना
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के इस प्रैक्टिश सेशन को लेकर, बासित अली ने अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड एक वीडियो के माध्यम से कहा- ऐसे मैच का कोई फायदा नहीं है। यह बहुत खराब मैदान था। ऐसा लग रहा था जैसे कोई शादी का मंडप हो।
बासित ने आगे कहा- पिच ऐसी थी कि गेंद घुटने से ऊपर नहीं उछल रही थी। क्या ट्राई सीरीज और चैंपियंस ट्रॉफी में आपको ऐसी पिचें मिलेंगी? मैच को सही तरीके से खेला जाना चाहिए। यदि कोई बल्लेबाज आउट हो गया है, तो वह आउट हो गया।
साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड के खिलाफ ट्राई सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम
मोहम्मद रिजवान (कप्तान व विकेटकीपर), बाबर आजम, फखर जमान, सऊद शकील, तैयब ताहिर, उस्मान खान, सलमान अली आगा (उपकप्तान), फहीम अशरफ, कामरान गुलाम, खुशदिल शाह, अबरार अहमद, हारिस रऊफ, मोहम्मद हसनैन, नसीम शाह और शाहीन शाह अफरीदी।