“जसप्रीत बुमराह की गेंद पर स्वीप शॉट मारना मेरा सपना था”- PBKS के बल्लेबाज आशुतोष शर्मा का बयान
MI के खिलाफ आशुतोष ने 217.86 के स्ट्राइक रेट के साथ 61 रनों की यह लाजवाब पारी खेली।
अद्यतन - अप्रैल 19, 2024 7:32 अपराह्न

आशुतोष शर्मा ने कल मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ मौजूदा आईपीएल 2024 सीजन की अब तक की कुछ बेहतरीन पारियों में से एक खेली। उन्होंने 18 अप्रैल को मुंबई के खिलाफ पंजाब किंग्स (PBKS) के रन चेज के दौरान बुमराह की गेंद पर शानदार लैप शॉट खेलकर सभी को हैरान कर दिया। हालांकि, आशुतोष शर्मा पंजाब को जीत नहीं दिला सके।
193 रनों का पीछा करते हुए, पंजाब की टीम 10वें ओवर में 77 रन पर छह विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी और उसी वक्त आशुतोष शर्मा बल्लेबाजी के लिए आए। उस समय टीम को 10.88 की रन रेट से रन बनाने थे। शर्मा ने आते ही एकदम से आक्रामक रूख अपनाया और मुंबई इंडियंस के सभी गेंदबाजों के खिलाफ बड़े-बड़े शॉट्स खेलने शुरू कर दिए।
बुमराह के खिलाफ स्वीप शॉट लगाने के बाद आशुतोष शर्मा ने दिया बड़ा बयान
शर्मा ने अपनी पारी का सबसे बेहतरीन शॉट 13वें ओवर में खेला। जब जसप्रीत बुमराह अपना तीसरा ओवर लेकर आए तो वो एक गेंद नोबॉल कर बैठे। इसका फायदा उठाते हुए आशुतोष ने बड़ी ही आसानी से लैप शॉट लगाते हुए कमाल का छक्का जड़ दिया। आशुतोष का यह सिक्स देख डग आउट में बैठे सूर्यकुमार भी हैरान रह गए थे और उनका रिएक्शन भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
उस शॉट के बारे में बोलते हुए आशुतोष शर्मा ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कहा कि, “जसप्रीत बुमराह की गेंद पर स्वीप शॉट मारना मेरा सपना था। मैं इन शॉट्स का अभ्यास कर रहा हूं। यह क्रिकेट का खेल है इसलिए यह बहुत आम है। हमें अपनी प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित करना होगा। जब मैं खेल रहा था तो मेरे अंदर कुछ करने का विश्वास था। मुझे विश्वास था कि मैं यहां से इस मैच को जीता सकता हूं।”
इस मैच की बात करें तो मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 192 रन बनाए। सूर्यकुमार ने 78 रन और रोहित शर्मा ने 36 रन का योगदान दिया। तिलक वर्मा 34 रन बनाकर नाबाद रहे। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की पूरी टीम 183 रन बनाकर सिमट गई। आशुतोष शर्मा ने 61 रन तो शशांक सिंह ने 41 रन बनाए। बुमराह ने 4 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट लिए।