IPL 2024 : पहली बार हर्षित राणा का मैच देखने आए थे उनके माता-पिता, अब खुद किया खुलासा
राणा ने आखिरी ओवर में 13 रनों का सफलतापूर्वक बचाव किया
अद्यतन - Mar 24, 2024 6:31 pm

शनिवार, 23 मार्च को आईपीएल 2024 के तीसरे मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा मिले 209 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया। हेनरिक क्लासेन ने 25 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया।
जब आखिरी ओवर में SRH को जीत के लिए 13 रनों की जरूरत थी, तो हेनरिक क्लासेन क्रीज पर मौजूद थे। श्रेयस अय्यर ने तब युवा गेंदबाज हर्षित राणा (Harshit Rana) पर भरोसा दिखाया और उन्हें गेंदबाजी सौंपी। उनकी पहली गेंद पर क्लासेन ने सिक्स लगाया, फिर दूसरी गेंद पर सिंगल लिया। इसके बाद राणा ने अगली तीन गेंदों में शाहबाज नदीम और हेनरिक क्लासेन को आउट कर मैच पलट दिया।
मेरे दिल की धड़कनें तेज हो गईं…- हर्षित राणा
अंत में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 4 रनों से जीत दर्ज की। अपने मैच विनिंग प्रदर्शन पर बोलते हुए हर्षित राणा ने कहा कि यह पहली बार था जब माता-पिता स्टैंड में थे और उनके सामने ऐसा प्रदर्शन करने के बारे में नहीं सोचा था।
राणा (Harshit Rana) ने आईपीएल द्वारा शेयर किए एक वीडियो में कहा, ‘यह पहली बार था कि मेरे माता-पिता मेरा मैच देखने आए थे। पहले, मैं सोचता था कि जब वे मेरा मैच देखेंगे, तो मैं अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाऊंगा। इस सीजन में, मैं पहला मैच खेल रहा था और मैं उन्हें मुकाबला दिखाना चाहता था।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘फैन्स की अपेक्षाओं के कारण मेरे दिल की धड़कनें तेज हो गईं और डिफेंड करने के लिए भी ढेर सारे रन नहीं थे। मैंने मन में सोचा कि सबसे बुरा जो हो सकता है वह उस गेंद पर मैच का खत्म होना था। हालांकि, अगर मैं अपनी योजनाओं को क्रियान्वित कर सका तो मैच डीप जाएगा।’