मोहम्मद सिराज ने रोहित की तारीफ में पढ़े कसीदे, बताया क्यों है वो सबसे अलग कप्तान - क्रिकट्रैकर हिंदी

मोहम्मद सिराज ने रोहित की तारीफ में पढ़े कसीदे, बताया क्यों है वो सबसे अलग कप्तान

टेस्ट क्रिकेट में अब तक मोहम्मद सिराज ने किया है शानदार प्रदर्शन।

Rohit Sharma and Mohammed Siraj
Rohit Sharma and Mohammed Siraj. (Photo Source: Getty Images)

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने हाल ही में कप्तान रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि कप्तान रोहित शर्मा टीम का नेतृत्व करते हुए जिस तरह से खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हैं वो वाकई में शानदार है। 35 वर्षीय रोहित, इंग्लैंड के अपने आगामी दौरे पर पूर्णकालिक कप्तान के रूप में पहली बार विदेशी दौरे पर टीम इंडिया का नेतृत्व करेंगे।

विराट की कप्तानी में सिराज ने आईपीएल और टीम इंडिया दोनों में खेला है, जबकि वह रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया के लिए ही खेल रहे हैं। सिराज का मानना है कि रोहित किसी भी खिलाड़ी की मानसिक स्थिति को अच्छे से पढ़ लेते हैं। हालांकि इससे पहले जब विराट कोहली टीम इंडिया के कप्तान थे, उस वक्त भी सिराज ने इसी तरह से कोहली की भी तारीफ की थी।

मोहम्मद सिराज ने जमकर की कप्तान रोहित शर्मा की तारीफ

कप्तान रोहित शर्मा की तारीफ करते हुए ANI के हवाले से मोहम्मद सिराज ने कहा कि, “खिलाड़ी की मानसिक स्थिति को रोहित अच्छे से समझते हैं। जब भी हम मैदान पर मुश्किल परिस्थिति में होते हैं, वह ऐसे खिलाड़ी होते हैं, जो प्लान बी के साथ आपके पास आते हैं और गेंदबाज को हौसला देते हैं कि वह मैच में अच्छा करे। ऐसे कप्तान के नेतृत्व में खेलना अच्छा लगता है, जो अपने खिलाड़ी को समझता हो।’

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में व्यस्त अभियान के बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी घरेलू टी-20 सीरीज के लिए कप्तान रोहित को आराम दिया गया है। उपकप्तान केएल राहुल दिल्ली में नौ जून से शुरू हो रहे इस सीरीज के लिए टीम की कमान संभालेंगे। इस बीच, मोहम्मद सिराज को भी इंग्लैंड दौरे को ध्यान में रखते हुए आराम दिया गया है।

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज सिराज हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल 2022 में खराब फॉर्म में नजर आए थे। ऑक्शन से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) द्वारा रिटेन किए जाने के बाद, सिराज इस सीजन में 10.08 की इकॉनमी से केवल नौ विकेट ही लेने में कामयाब रहे। सिराज अब इंग्लैंड के खिलाफ पुनर्निर्धारित पांचवें टेस्ट में खेलते हुए दिख सकते हैं।

close whatsapp