‘यह मैच हारना अच्छा है’- SRH से मैच हारने के बाद जितेश शर्मा ने ये कैसा बयान दे दिया
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम को हार का सामना करना पड़ा।
अद्यतन - May 24, 2025 9:01 am

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को IPL 2025 के 65वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 42 रनों से हार का सामना करना पड़ा। 232 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए एक वक्त उनका स्कोर 15.3 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 173 रन था, ऐसा लग रहा था कि RCB यहां से आसानी से जीत जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बेंगलुरु को यहां से जीत के लिए 27 गेंदों पर 59 रनों की दरकार थी, मगर टीम अगले 16 रनों के अंदर ही सिमट गई।
आरसीबी का यह भयंकर कोलैप्स देख नए कप्तान जितेश शर्मा खुद काफी हैरान दिखे। जब उनसे इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उनके पास इसका जवाब नहीं है। हालांकि उन्होंने हैदराबाद से मिली हार को अच्छा बताते हुए टीम के लिए वेकअप कॉल बताया।
SRH से मैच हारने के बाद जितेश शर्मा ने दिया हैरान करने वाला बयान
जितेश शर्मा ने मैच के बाद कहा, “मुझे लगता है कि 20-30 रन ज्यादा थे, मेरे पास इसका जवाब नहीं है (आरसीबी उस स्थिति से कैसे हार गई।)। हम जंग खाए हुए थे और मुझे लगता इंटेंसिटी की कमी थी, लेकिन यह मैच हारना अच्छा है।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं परेशान था क्योंकि मैं आउट हो गया, मैं उस जोन में नहीं था कि चोटिल टिम डेविड से मिल सकूं। मुझे लगता है कि यह मैच हारना अच्छा था, सकारात्मक चीजें यह हैं कि हम अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। इस हार के बाद मुझे लगता है कि यह झटका अच्छा है, हम आने वाले खेलों में अच्छे तरीके से वापसी करेंगे।”
सनराइजर्स हैदराबाद से मिली इस हार के बाद आरसीबी IPL 2025 पॉइंट्स टेबल के टॉप-2 से बाहर हो गई है। अब उनका आखिरी लीग मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से है। अगर आरसीबी को टॉप-2 में अपनी जगह फिर से बनानी है तो उन्हें एलएसजी को हर हाल में हराना होगा, साथ ही उन्हें गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के मैचों के रिजल्ट पर भी निर्भर रहना होगा।