जॉनी बेयरस्टो ने टेस्ट क्रिकेट में अपने शानदार फॉर्म के पीछे की वजह बताई
जॉनी बेयरस्टो के पास ब्रेंडन मैकुलम का पूरा सपोर्ट है!
अद्यतन - Jul 9, 2022 5:45 pm

इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने टेस्ट क्रिकेट में अपने जबरदस्त फॉर्म का श्रेय मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम द्वारा दी गई स्पष्टता और कोविड-19 प्रोटोकॉल-मुक्त वातावरण को दिया है।
आपको बता दें, जॉनी बेयरस्टो ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज में दो शतक बनाए और फिर भारत के खिलाफ पुनर्निर्धारित टेस्ट में दो शतक लगाए और लगातार चार मैचों में इंग्लैंड क्रिकेट टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। बेन स्टोक्स की कप्तानी में इंग्लैंड ने अब तक एक भी टेस्ट मैच नहीं गंवाया है।
जॉनी बेयरस्टो टेस्ट क्रिकेट में रेड-हॉट फॉर्म में है
उन्होंने अब तक आठ मैचों में 76.46 के औसत से 994 रन बनाए हैं, और इस समय वह टेस्ट क्रिकेट में इस साल दुनिया के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज है। इसके अलावा बेयरस्टो पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पांचवें नंबर पर या उससे निचे बल्लेबाजी करते हुए एक कैलेंडर वर्ष में छह टेस्ट शतक जड़े है।
जॉनी बेयरस्टो ने टेलेंडर्स पॉडकास्ट को बताया: “अब हम स्वतंत्रता से रह पा रहे है। हमें होटल के कमरों में बंद नहीं रहना पड़ रहा हैं, बायो-बबल भी हटा दिया गया, और हमें हर दिन कोविड टेस्ट नहीं कराना पड़ता है। अब हम सामान्य चीजें कर सकते हैं जैसे कि दुकान पर जाना, बीयर के लिए जाना, अपने दोस्तों और परिवार को देखना, और उनके साथ समय बिताना, जिससे चीजें बहुत आसान हो गई है। ब्रेंडन मैकुलम के साथ काम करने का उत्साह और उन्होंने सभी को जो स्पष्टता दी, इसने बहुत मदद की।
न्यूजीलैंड सीरीज से पहले काउंटी क्रिकेट को छोड़कर आईपीएल में जाने को लेकर काफी बातें हुई, लेकिन बाज ने मुझे फोन किया और कहा कि मैं टेस्ट क्रिकेट में पांचवे नंबर पर बल्लेबाजी करूंगा, चिंता करने की कोई बात नहीं है। बाज ने मुझसे तकनीकी नहीं, बल्कि अपने खेल में मगन होने की सलाह दी। रेड-बॉल क्रिकेट में यह मुश्किल हो सकता है, क्योंकि यह थकाने वाला प्रारूप है।”