एशेज 2023 से पहले बेन स्टोक्स, जेम्स एंडरसन और ओली रॉबिन्सन की फिटनेस इंग्लैंड के लिए बनी सिरदर्द
बेन स्टोक्स संभवतः आयरलैंड के खिलाफ एक्शन में नजर नहीं आएंगे।
अद्यतन - मई 30, 2023 5:08 अपराह्न

इंग्लैंड के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ने पुष्टि की कि दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन और ओली रॉबिन्सन 1 जून से लॉर्ड्स में आयरलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले आगामी एकमात्र टेस्ट में हिस्सा नहीं लेंगे।
आपको बता दें, ओली रॉबिन्सन को पिछले हफ्ते ग्लैमरगन बनाम ससेक्स काउंटी चैंपियनशिप 2023 मैच के दौरान एच्लीस टेंडन में जलन महसूस हुई थी, जिस कारण उन्हें आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से बाहर कर दिया गया है, जबकि अनुभवी तेज गेंदबाज एंडरसन कमर में खिचाव के कारण लॉर्ड्स में नहीं खेल पाएंगे।
हालांकि, ब्रेंडन मैकुलम ने उम्मीद जताई है कि जेम्स एंडरसन और ओली रॉबिन्सन दोनों इंग्लैंड के खिलाफ 16 जून से शुरू हो रहे एशेज 2023 के पहले टेस्ट के लिए फिट होंगे। वहीं दूसरी ओर, इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स भी घुटने की चोट से जूझ रहे हैं, और वो भी शायद आयरलैंड के खिलाफ एक्शन में नजर नहीं आएंगे।
बेन स्टोक्स टीम के साथ जुड़कर बहुत खुश हैं: ब्रेंडन मैकुलम
ब्रेंडन मैकुलम ने स्काईस्पोर्ट्स के हवाले से कहा: “मुझे लगता है कि जेम्स एंडरसन और ओली रॉबिन्सन को पहले एशेज टेस्ट के लिए फिट होना चाहिए। वे दोनों आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए फिट नहीं होंगे। हमें अगले कुछ दिनों तक दोनों पर नजर बनाए रखनी होगी, लेकिन हमारे पास उनके रिप्लेसमेंट के लिए कुछ बेहतरीन विकल्प मौजूद हैं। बेन स्टोक्स भी काफी अच्छी प्रोग्रेस कर रहे हैं।
बेन वास्तव में फिट नजर आ रहे हैं, और उनके चेहरे पर एक बड़ी मुस्कान है। वह टीम के साथ जुड़कर बहुत खुश हैं, वह टीम में शानदार एनर्जी लेकर आते हैं। हम फिर से स्टोक्स की निगरानी करेंगे और देखेंगे कि क्या होता है। मुझे लगता है कि वह इस समर सीजन में किसी न किसी स्तर पर गेंदबाजी करेगा। वह वर्ल्ड क्लास ऑलराउंडर है और अगर वह गेंदबाजी करने में सक्षम है, तो यह शानदार है, नहीं तो हम कोई और रास्ता निकालेंगे।”