जेम्स एंडरसन का बड़ा खुलासा, आखिर क्यों किया IPL 2025 मेगा ऑक्शन के लिए रजिस्टर?
एंडरसन ने 2024 की शुरुआत में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया
अद्यतन - नवम्बर 7, 2024 9:50 अपराह्न

इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन के लिए अपना नाम रजिस्टर कराया है। एंडरसन ने अपना बेस प्राइस 1.25 करोड़ रुपये निर्धारित किया है। इसे देखकर क्रिकेट जगत के कई दिग्गजों ने हैरानी भी जताई। वहीं अब उन्होंने खुद को रजिस्टर करने के अपने फैसले के बारे में खुलकर बात की है।
यह पहली बार है जब जेम्स एंडरसन ने 2008 में लीग की शुरुआत के बाद से आईपीएल खेलने में अपनी रुचि दिखाई है। उनका नाम रजिस्टर खिलाड़ियों की लिस्ट में देखकर लोग सोच में पड़ गए, क्योंकि कुछ ही महीने पहले एंडरसन ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया। इसके बाद एंडरसन ने घरेलू समर और पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में इंग्लैंड टेस्ट टीम के लिए तेज गेंदबाजी सलाहकार के रूप में काम भी किया।
एक खिलाड़ी के रूप में मेरे पास देने के लिए और भी बहुत कुछ है- जेम्स एंडरसन
इस बीच बीबीसी रेडियो 4 टुडे पॉडकास्ट में एंडरसन ने कहा, मेरे अंदर अभी भी कुछ ऐसा है, जिससे मुझे लगता है कि मैं अभी भी खेल सकता हूं। मैंने कभी आईपीएल नहीं खेला है, मैंने कभी इसका अनुभव नहीं किया है। कई कारणों से मुझे लगता है कि एक खिलाड़ी के रूप में मेरे पास देने के लिए और भी बहुत कुछ है।
आपको बता दें कि जेम्स एंडरसन ने 2007 और 2009 के बीच इंग्लैंड के लिए 19 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले और आखिरी बार 2014 में बर्मिंघम में वारविकशायर के लिए टी20 मैच खेला था। अब देखना है कि एंडरसन के मेगा ऑक्शन में आने के बाद कोई फ्रेंचाइजी उनमें इंटरेस्ट दिखाती है या नहीं।
आईपीएल 2025 के लिए मेगा ऑक्शन का आयोजन 24 और 25 नवंबर को सऊदी अरब के जेद्दाह में होना है। इस मेगा ऑक्शन के लिए कुल 1574 खिलाड़ियों ने रजिस्टर किया है। इसमें से अधिकतम 204 स्लॉट ही भरे जाएंगे।