इंग्लैंड टेस्ट प्रेमियों के लिए सामने आई बुरी खबर, ये खिलाड़ी इंजरी की वजह से हुआ आगामी समर सीजन से बाहर
इंग्लैंड के समर सीजन की शुरुआत वेस्टइंडीज के खिलाफ होगी।
अद्यतन - मई 21, 2024 12:14 अपराह्न

इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी ही बुरी खबर सामने आई है। बता दें कि आगामी समर सीजन से पहले टीम के तेज गेंदबाज जेमी ओवरटन (Jamie Overton) चोटिल हो गए हैं। ओवरटन की ये इंजरी इतनी ज्यादा गंभीर है कि वो पूरे समर सीजन से ही बाहर हो गए हैं।
बता दें कि इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट में अपने समर सीजन की शुरुआत वेस्टइंडीज के खिलाफ 10 जुलाई से करने वाली है। लेकिन इससे पहले टीम को एक बड़ा झटका लग गया है। मिली जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय ओवरटन को पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रेस फ्रैक्चर हो गया है।
वह इस गर्मी में वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड की टेस्ट श्रृंखला के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। गौरतलब है कि ओवरटन ने इंग्लैंड के लिए अभी तक सिर्फ 1 टेस्ट मैच खेला है, और यह मैच उन्होंने जून 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ हेडिंग्ली में खेला था।
सर्रे क्लब ने जारी बयान
दूसरी ओर, जेमी ओवरटन की इंजरी को लेकर उनके घरेलू क्रिकेट क्लब सर्रे (Surrey) के एक प्रवक्ता ने इंडिया टुडे के हवाले से कहा- हम पुष्टि कर सकते हैं कि जेमी ओवरटन को पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रेस फ्रैक्चर हुआ है। उनकी वापसी के लिए फिलहाल कोई समय सीमा तय नहीं है, लेकिन वह सरे चिकित्सा विभाग के मार्गदर्शन में अपनी रिकवरी जारी रखेंगे।
तो वहीं इंग्लैंड क्रिकेट टीम इस समय आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में खेलने के बाद, घरेलू टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज और श्रीलंका जैसी क्रिकेट टीमों की मेजबानी करने वाली है। इंग्लैंड दोनों ही टीमों के खिलाफ तीन-तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलती हुए नजर आएगी। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज की शुरुआत 10 जुलाई से होगी, तो वहीं श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज की शुरुआत 21 अगस्त से होगी।