जसप्रीत बुमराह ने एक और अविश्वसनीय रिकॉर्ड किया अपने नाम, SENA देशों में बने भारत के सबसे सफल टेस्ट गेंदबाज
जसप्रीत बुमराह ने 2024 में 13 मैचों में 70 टेस्ट विकेट हासिल किए हैं और वो आईसीसी टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में पहले पायदान पर हैं
अद्यतन - दिसम्बर 29, 2024 7:59 अपराह्न

भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच में धमाकेदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अभी तक इस मैच के ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में चार विकेट झटक लिए हैं।
यही नहीं जसप्रीत बुमराह ने अभी तक बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में 29 विकेट हासिल किए हैं। तमाम लोगों ने इस शानदार गेंदबाज की जमकर प्रशंसा की है। बुमराह ने 2024 में 13 मैचों में 70 टेस्ट विकेट हासिल किए हैं और वो आईसीसी टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में पहले पायदान पर हैं। इसी के साथ जसप्रीत बुमराह दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया देशों में भारत के लिए सबसे अधिक टेस्ट विकेट विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
बता दें कि, उन्होंने इन देशों के खिलाफ कुल 142 विकेट हासिल किए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में 61 विकेट झटके हैं, जबकि इंग्लैंड में 37 विकेट अनुभवी तेज गेंदबाज के नाम है। न्यूजीलैंड में 6 विकेट और दक्षिण अफ्रीका में 38 विकेट बुमराह ने हासिल किए हैं। इस तरह वह SENA देशों में भारत के सबसे सफल टेस्ट गेंदबाज हैं।
वसीम अकरम के रिकॉर्ड को तोड़ने के काफी करीब है जसप्रीत बुमराह
SENA में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम के नाम है। वसीम अकरम ने इन देशों में 32 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 146 विकेट चटकाए हैं। जसप्रीत बुमराह, वसीम अकरम से सिर्फ पांच विकेट पीछे हैं। बुमराह के टेस्ट करियर की बात की जाए तो उन्होंने 44 मैचों में 202 विकेट हासिल किए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। फिलहाल ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच जा रही बॉर्डर-गावस्कर सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। इस समय मेलबर्न में खेला जा रहा चौथा टेस्ट मैच दोनों ही टीमों के लिए जीतना बेहद जरूरी है।