भारतीय टीम के खिलाड़ी खुद ही न्यूजीलैंड को दे रहे मैच जीतने का मौका, रवींद्र जडेजा और केएल राहुल के बाद अब जसप्रीत बुमराह ने भी छोड़ा आसान सा कैच
इस मैच में भारतीय टीम ने शुरुआत काफी अच्छी की थी लेकिन अब न्यूजीलैंड ने इसमें पकड़ बना ली है।
अद्यतन - Oct 22, 2023 5:32 pm

इस समय भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का 21वां मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। अभी तक दोनों टीमों ने इस शानदार टूर्नामेंट में कुल चार-चार मैच खेले हैं और सभी में दोनों टीमों ने जीत दर्ज की है। फिलहाल इस मैच की बात की जाए तो भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
इस मैच में भारतीय टीम ने शुरुआत काफी अच्छी की थी लेकिन अब न्यूजीलैंड ने इसमें पकड़ बना ली है। भारतीय टीम की बात की जाए तो उन्होंने अभी तक तीन बार इस मुकाबले में कैच छोड़ दिया है। सबसे पहले रचिन रवींद्र का कैच रवींद्र जडेजा ने छोड़ा फिर केएल राहुल ने डैरिल मिचेल का कैच छोड़ा और अब जसप्रीत बुमराह ने एक बार डैरिल मिचेल का आसान सा कैच छोड़ दिया।
बता दें, न्यूजीलैंड की पारी का 33वां ओवर लेकर आए कुलदीप यादव की एक गेंद पर डैरिल मिचेल ने कड़ा प्रहार करना चाहा लेकिन वहां फील्डर के रूप में जसप्रीत बुमराह खड़े हुए थे। जसप्रीत बुमराह ने भागकर मैदान काफी कवर कर किया लेकिन अंत में उन्होंने कैच छोड़ दिया। सिर्फ कैच ही नहीं बल्कि यह गेंद इसके बाद चार रन के लिए भी चली गई। भारतीय टीम की फील्डिंग इस मैच में सच में काफी खराब रही है और यही वजह है कि न्यूजीलैंड ने अभी तक मेजबान के खिलाफ काफी रन बना दिए हैं।
बड़े स्कोर की ओर बढ़ती हुई न्यूजीलैंड टीम
भारत की ओर से हार्दिक पांड्या चोटिल होने की वजह से इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उनके पैर में चोट लग गई थी जिसके बाद उन्हें इस मैच से बाहर कर दिया गया। न्यूजीलैंड की ओर से रचिन रवींद्र ने 87 गेंदों में 6 चौके और 1 छक्के की मदद से 75 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।