टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज से भी बाहर हो सकते हैं जसप्रीत बुमराह!
बुमराह ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला सितंबर 2022 में खेला था।
अद्यतन - Jan 10, 2023 11:54 am

पिछले कुछ समय से भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज और याॅर्कर स्पेशलिस्ट जसप्रीत बुमराह टीम से अंदर बाहर होते रहे हैं। चोट के चलते एशिया कप 2022 से बाहर होने वाले बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज में वापसी की, लेकिन एक बार फिर वे चोटिल हो गए।
इसके बाद बैक इंजरी के चलते उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से भी बाहर होना पड़ा। इसके बाद जब वह एनसीए में रिहैब प्रकिया से गुजरने के बाद श्रीलंका के खिलाफ भारतीय टीम में लौटे तो एक बार फिर वह खराब फिटनेस के कारण तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बुमराह के खेलने पर सस्पेंस
बता दें कि 9 फरवरी से शुरू हो रही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज में जसप्रीत बुमराह के खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है। ईएसपीएन क्रिकइंफो की एक रिपोर्ट के अनुसार जसप्रीत बुमराह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के ज्यादातर मैचों से बाहर रह सकते हैं।
क्योंकि बुमराह को दाएं पैर में ग्लूट स्टिफनैस (Glute Stiffness) है। वहीं इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बुमराह को इससे उबरने में कम से कम एक महीने का समय और लगेगा। बता दें कि अगर बुमराह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पाए तो भारत के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को करारा झटका लग सकता है।
बता दें कि श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर होने के बाद जसप्रीत बुमराह की फिटनेस पर बीसीसीआई की मेडिकल टीम नजर बनाए हुए है। हालांकि बुमराह को एनसीए में मैच सिमुलेशन टेस्ट पास करने के बाद ही श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के शामिल किया गया था, लेकिन मैच शुरू होने के एक दिन पहले बुमराह का चोटिल होना कहीं ना कहीं एनसीए की कार्यशैली पर संदेह पैदा करता है।