टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर होने के बाद जसप्रीत बुमराह ने जाहिर की निराशा
जसप्रीत बुमराह ने 4 अक्टूबर को ट्विटर पर अपनी भावनाएं साझा की।
अद्यतन - Oct 4, 2022 12:38 pm

भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर होने के बाद सोशल मीडिया पर निराशा जाहिर की। बुमराह ने आधिकारिक तौर पर ऑस्ट्रेलिया में 16 अक्टूबर से शुरू हो रहे टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर होने की पुष्टि के बाद ट्विटर पर एक भावुक पोस्ट साझा की, जहां उन्होंने अपने प्रियजनों को उनके चोट से ठीक होने की कामना करने के लिए धन्यवाद दिया।
आपको बता दें, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 3 अक्टूबर को एक आधिकारिक बयान में पुष्टि की कि जसप्रीत बुमराह पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण आगामी आईसीसी पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर हो गए हैं, और वे जल्द ही उनके प्रतिस्थापन की घोषणा करेंगे।
बीसीसीआई को है बुमराह के प्रतिस्थापन की तलाश
कथित तौर पर, मोहम्मद सिराज या मोहम्मद शमी भारत के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 स्क्वॉड में बुमराह की जगह लेंगे। इनके अलावा, बुमराह के रिप्लेसमेंट के लिए दीपक चाहर का नाम भी ऊपर आ रहा है। हालांकि, कहा जा रहा है कि शमी बुमराह के रिप्लेसमेंट के लिए पहली पसंद है, जबकि सिराज स्टैंडबाई खिलाड़ी के रूप में टीम इंडिया के साथ ऑस्ट्रेलिया की यात्रा करेंगे।
इस बीच, जसप्रीत बुमराह ने 4 अक्टूबर को ट्विटर का सहारा लेते हुए अपनी भावनाएं जाहिर की उन्होंने अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए ट्विटर पर लिखा: “मैं इस बात से बहुत दुखी हूं कि मैं इस बार टी-20 वर्ल्ड कप का हिस्सा नहीं बन पाऊंगा, लेकिन मैं अपने प्रियजनों से मिली शुभकामनाओं, देखभाल और समर्थन के लिए उनका बहुत आभारी हूं। जैसे ही मैं ठीक हो जाऊंगा, मैं ऑस्ट्रेलिया में हमारे पूरे टी-20 वर्ल्ड कप 2022 अभियान के दौरान टीम को सपोर्ट करूंगा।”
I am gutted that I won’t be a part of the T20 World Cup this time, but thankful for the wishes, care and support I’ve received from my loved ones. As I recover, I’ll be cheering on the team through their campaign in Australia 🇮🇳 pic.twitter.com/XjHJrilW0d
— Jasprit Bumrah (@Jaspritbumrah93) October 4, 2022
आपको बता दें, 28-वर्षीय बुमराह को पिछले महीने की शुरुआत में पीठ में चोट लग गई थी, जिसके कारण वह एशिया कप 2022 से बाहर हो गए थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज के दौरान वापसी की, और फिर अब दोबारा चोटिल हो गए हैं।