इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज नहीं खेलेंगे जसप्रीत बुमराह, बड़ी रिपोर्ट में आई सामने
टीम इंडिया को अब इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है, जिसकी शुरुआत 22 जनवरी से हो रही है।
अद्यतन - जनवरी 6, 2025 6:22 अपराह्न

भारतीय टीम के बेहतरीन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेले गए पांचवे और अंतिम टेस्ट मैच के दूसरे दिन पीठ में दर्द उठा, जिसके बाद उन्हें बीच मैच में ही अपनी टीम का साथ छोड़ अस्पताल जाना पड़ा था।
हालांकि, बाद में जसप्रीत बुमराह ड्रेसिंग रूम में वापसी कर गए थे, लेकिन वह मैदान पर नहीं लौटे। टीम इंडिया खेल के तीसरे दिन 162 रनों का छोटा लक्ष्य डिफेंड कर रही थी, जहां बुमराह की कमी खली। जब वह गेंदबाजी के लिए नहीं आए, तो क्रिकेट जगत के तमाम लोग इस चीज को देखकर परेशान थे कि कहीं जसप्रीत बुमराह को गंभीर चोट तो नहीं लगी है?
अभी इस चीज को लेकर कोई भी पुष्टि नहीं की गई है कि जसप्रीत बुमराह को ठीक होने में कितना समय लगेगा। अगर यह चोट ग्रेड 1 की कैटेगरी की है, तो उन्हें ठीक होने में कम से कम 2 से 3 हफ्ते जरूर लगेंगे। अगर यह चोट थोड़ी ज्यादा गंभीर है, तो उन्हें ठीक होने में 6 हफ्ते लगेंगे।
बता दें कि, टीम इंडिया को अब इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है, जिसकी शुरुआत 22 जनवरी से हो रही है। ऐसी रिपोर्ट सामने आ रही है कि जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज को मिस कर सकते हैं।
आपको अपने शरीर का सम्मान करना चाहिए: जसप्रीत बुमराह
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में जसप्रीत बुमराह ने 32 विकेट झटके थे। प्लेयर ऑफ द सीरीज अपने नाम करने के बाद जसप्रीत बुमराह ने कहा था कि चाहे कोई भी खिलाड़ी हो उन्हें अपने शरीर से लड़ना नहीं चाहिए और उसका सम्मान करना चाहिए।
हाल ही में समाप्त हुई बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में टीम इंडिया का प्रदर्शन काफी खराब रहा था और यही वजह है कि मेजबान ने इसे 3-1 से अपने नाम किया। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह के अलावा कोई भी अन्य भारती खिलाड़ी अपनी छाप नहीं छोड़ पाया। अब चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की शुरुआत 19 फरवरी से हो रही है और पूरा भारतीय खेमा चाहेगा कि बुमराह आगामी टूर्नामेंट से पहले पूरी तरह से फिट हो जाए।