IPL में जब हार्दिक पांड्या को फैंस से पड़ रही थी गालियां तो ड्रेसिंग रूम में क्या चल रहा था? बुमराह ने सब बोल डाला
जसप्रीत बुमराह ने उस समय को याद किया जब हार्दिक पांड्या को प्रशंसकों द्वारा हूटिंग का सामना करना पड़ा था
अद्यतन - Aug 17, 2024 5:02 pm

आईपीएल 2024 सीजन के लिए मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को अपना नया कप्तान चुना था, लेकिन इस फैसले को फैंस की ओर से काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी। सिर्फ टीम नहीं बल्कि कप्तान हार्दिक पांड्या भी फैंस के गुस्से का शिकार हुए थे। फैंस पूरे टूर्नामेंट के दौरान उन्हें लगातार Boo करते रहे।
अब जसप्रीत बुमराह ने उस समय को याद किया है और बताया कि कैसे फैंस हार्दिक पांड्या को निशाना बनाकर हूटिंग करते थे, जब भी वह मैदान में होते थे। आपको बता दें कि एक बार स्थिति तब और भी खराब हो गई थी जब टॉस के लिए कदम रखते ही पूरा स्टेडियम एक साथ हार्दिक पांड्या के खिलाफ हूटिंग करने लगा था। बात इतनी बढ़ गई थी कि संजय मांजरेकर को बीच में आकर दर्शकों से “ढंग से व्यवहार करें” कहना पड़ा था।
जसप्रीत बुमराह ने हार्दिक पांड्या के उस समय को लेकर क्या कहा
स्टार भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इस मुद्दे पर बात करते हुए कहा कि इस कठिन समय में मुंबई इंडियंस ने हार्दिक का मजबूती से समर्थन किया था।
बुमराह ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, “हम हार्दिक के साथ थे, उससे बात कर रहे थे, कि क्या उसे किसी तरह की सहायता की जरूरत है। लेकिन कुछ चीजें हमारे नियंत्रण से बाहर थीं।”
भारत में लोग अक्सर भावनाओं से प्रेरित होते हैं और जब उनके अपने देश के खिलाड़ी आलोचना करते हैं तो यह एक खिलाड़ी को प्रभावित कर सकता है। हालांकि, उन्होंने ऐसी स्थितियों को गंभीरता से लेते हुए आगे बढ़ने के महत्व पर जोर दिया, क्योंकि सभी को अपनी राय व्यक्त करने से रोकना असंभव है।”
गौरतलब है कि टी20 विश्व कप 2024 के बाद हार्दिक पांड्या के लिए चीजें बदल गईं। जिन्होंने उनकी आलोचना की, बाद में उन्होंने ही सपोर्ट भी किया। पांड्या ने टी-20 वर्ल्ड कप में 150 के स्ट्राइक रेट से 144 रन बनाए और 11 विकेट भी हासिल किए।
फाइनल में हार्दिक ने 3/20 के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष बल्लेबाजों हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर को आउट किया था।