झूलन गोस्वामी सितंबर महीने में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लेने जा रही संन्यास, लॉर्ड्स में खेलेंगी अपना अंतिम मैच
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन टी-20 मुकाबले 10,13 और 15 सितंबर को खेले जाएंगे जबकि तीन वनडे मुकाबले 18,21,24 सितंबर को होंगे।
अद्यतन - Aug 20, 2022 2:19 pm

भारतीय महिला टीम की सबसे अनुभवी और दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने जा रही हैं। बता दें, गोस्वामी को भारत के लिए खेलते हुए 20 साल से ज्यादा हो गए है। उन्हें आगामी इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है और रिपोर्ट्स की माने तो द लॉर्ड्स में खेला जाने वाला आखिरी वनडे मुकाबला उनके लिए आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला होगा। इस दौरे में तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे।
बता दें, झूलन गोस्वामी ने अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 19 साल की उम्र में जनवरी 2002 में किया था और अपने पहले ही मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ दो विकेट्स झटके थे। उसी महीने उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू भी किया। हर मैच के साथ झूलन गोस्वामी का प्रदर्शन और भी बेहतर होता गया और आज वो अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट्स लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने तीनों ही प्रारूपों को मिलाकर 352 विकेट्स अपने नाम किए हैं।
उन्होंने अपना आखिरी मुकाबला ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप के लीग स्टेज मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। ESPN क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) उन्हें ‘उचित विदाई’ देना चाहते हैं क्योंकि श्रीलंका सीरीज से पहले वो चोटिल हो गई थी और इसी वजह से वो इस पूरे दौरे से बाहर हो गई थी।
सोशल मीडिया में एक वीडियो बहुत तेजी से वायरल हुआ था जिसमें झूलन गोस्वामी केएल राहुल को NCA, बैंगलोर के नेट्स में गेंदबाजी करा रही थी। वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्हें चोट लग गई थी जिसके बाद वो उस चोट से ठीक होने के लिए अभ्यास कर रही थी।
24 सितंबर को इंग्लैंड के खिलाफ खेला जाएगा तीसरा और आखिरी वनडे मुकाबला
रिपोर्ट की मानें तो झूलन गोस्वामी महिला IPL के पहले संस्करण में खेलते हुए नजर आ सकती हैं जो मार्च 2023 में शुरू होने वाला हैं। वो मेंटरशिप पोजीशन के लिए IPL पुरुष टीमों से भी बात कर रही हैं। वो आगामी घरेलू सत्र में बंगाल महिला टीम के लिए खेलेंगी और मेंटर के रूप में काम करेंगी।
नंबरों की बात की जाए तो झूलन गोस्वामी ने भारत के लिए 12 टेस्ट, 68 टी-20 और 201 वनडे मुकाबलों में प्रतिभाग किया है। जबसे उन्होंने डेब्यू किया है तब से उन्होंने भारत के लिए छह वनडे वर्ल्ड कप अभियानों में हिस्सा लिया है जिसमें से एक 2017 वनडे वर्ल्ड कप भी है जिसमें उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबला खेला था।
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन टी-20 मुकाबले 10,13 और 15 सितंबर को खेले जाएंगे जबकि तीन वनडे मुकाबले 18,21,24 सितंबर को होंगे।