अपने भाई को श्रद्धांजलि देने के लिए ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व क्रिकेटर को अब इटली क्रिकेट टीम से खेलते हुए देखा जाएगा
जो बर्न्स ने 2024-25 सीजन के लिए क्वींसलैंड के साथ अपना राज्य अनुबंध खो दिया था।
अद्यतन - मई 28, 2024 1:36 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज जो बर्न्स ने हाल ही में इस बात की घोषणा की है कि वो अपने दिवंगत भाई डोमिनिक को श्रद्धांजलि देने के लिए इटली की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। बता दें, जो बर्न्स ने 2024-25 सीजन के लिए क्वींसलैंड के साथ अपना राज्य अनुबंध खो दिया था।
जो बर्न्स के भाई डोमिनिक का इस साल फरवरी में दुखद निधन हो गया था। अपने दिवंगत भाई को श्रद्धांजलि देने के लिए जो बर्न्स 85 नंबर की जर्सी पहने हुए नजर आएंगे। जो बर्न्स ने खुद इस बात की घोषणा अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर की।
जो बर्न्स ने इटली जाने के अपने फैसले की घोषणा करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘यह सिर्फ एक नंबर नहीं है और यह सिर्फ एक जर्सी नहीं है। यह उन लोगों के लिए है जिनके बारे में मैं जानता हूं कि वे आसमान से नीचे देखते हुए गर्व कर रहे होंगे। इस वर्ष फरवरी में मेरे भाई का निधन हो गया। मेरे भाई ने आखिरी टीम (उप-जिलों में नॉर्थ फेडरल्स) के लिए जब खेला था तो उनका जर्सी नंबर 85 (यह उनके जन्म का साल भी है) था।
मेरे भाई की मृत्यु के बाद के दिन, सप्ताह और महीने सबसे कठिन रहे हैं, जिनकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। मुझे यह स्वीकार करने में गर्व नहीं है कि रोजाना की इस लड़ाई में मैं अक्सर हार जाता हूं। मुझे लगता है कि मेरी आत्मा का एक हिस्सा हमेशा के लिए गायब हो गया है। मैं जानता हूं कि यह शर्ट उनके प्रति मेरे सम्मान की भावना को आगे बढ़ाएगी और मुझे ताकत देगी। घंटों खेलने और उनके साथ जुड़ाव ने मुझे इस खेल से प्यार करना सिखाया।’
यह रहा Joe Burns का इंस्टाग्राम पोस्ट:
जो बर्न्स ऑस्ट्रेलिया की ओर से 23 टेस्ट मैच और 6 वनडे मुकाबला खेल चुके हैं जिसमें उन्होंने क्रमश 1442 रन और 146 रन बनाए थे। बता दें, जो बर्न्स के नाम चार टेस्ट शतक और आठ अर्धशतक भी शामिल है। उनका प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया घरेलू क्रिकेट में भी काफी अच्छा रहा है। जो बर्न्स अब सब रीजनल क्वालिफायर के लिए इटली की टीम का हिस्सा होंगे।
इटली क्रिकेट टीम भी इस बात से काफी खुश होगी कि अनुभवी बल्लेबाज अब उनकी टीम से खेलते हुए नजर आएंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इस शानदार क्रिकेटर का प्रदर्शन हमेशा ही काफी अच्छा रहा है और अब एक बार फिर से वो अपनी छाप जरूर छोड़ना चाहेंगे।