इंग्लैंड के लिए जो रूट वही हैं जो भारत के लिए विराट कोहली और रोहित शर्मा हैं: अनिल कुंबले
सीरीज के निर्णायक मुकाबले से पहले जो रूट की शानदार फॉर्म बनी भारत के लिए बड़ी चुनौती
अद्यतन - जुलाई 17, 2026 4:11 अपराह्न

भारत के पूर्व कप्तान और दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले ने इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट की जमकर तारीफ की है। उनका मानना है कि इंग्लैंड की वनडे टीम में रूट की भूमिका बिल्कुल वैसी ही है जैसी भारतीय टीम में विराट कोहली और रोहित शर्मा की रही है। कुंबले के अनुसार, रूट सिर्फ रन नहीं बनाते, बल्कि अपनी समझदारी और शांत बल्लेबाजी से पूरी पारी को संभालते हैं।
इंग्लैंड और भारत के बीच खेले गए दूसरे वनडे में जो रूट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 99 रन बनाए और अपनी टीम को जीत दिलाई। उनकी इस पारी की बदौलत इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली।
कुंबले ने कहा कि जब बाकी इंग्लिश बल्लेबाज शुरुआत से बड़े शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे, तब रूट ने धैर्य के साथ पारी को आगे बढ़ाया और सही समय पर रन गति तेज की।
कुंबले ने कहा कि जो रूट की सबसे बड़ी खूबी स्ट्राइक को लगातार बदलना और मैदान में खाली जगह ढूंढ़कर रन बनाना है। वह बिना जरूरत जोखिम नहीं लेते और हमेशा मैच की स्थिति के अनुसार बल्लेबाजी करते हैं। यही कारण है कि टीम मुश्किल हालात में भी उन पर भरोसा करती है।
हैरी ब्रूक और जो रूट की बल्लेबाजी में बड़ा अंतर
पूर्व भारतीय कप्तान ने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक की बल्लेबाजी की भी चर्चा की। उनके मुताबिक ब्रूक ने ऐसी पिच पर टी20 शैली अपनाने की कोशिश की, जहां गेंदबाजों को मदद मिल रही थी। इसके विपरीत जो रूट ने परिस्थितियों को समझा और पारंपरिक वनडे बल्लेबाजी का शानदार उदाहरण पेश किया।
कुंबले ने कहा कि जो रूट, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे बल्लेबाजों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि उनकी बल्लेबाजी बेहद सहज नजर आती है। वे पहले से शॉट तय नहीं करते, बल्कि गेंद के अनुसार फैसला लेते हैं।
यही वजह है कि वे कम जोखिम लेकर लगातार बड़े रन बनाते हैं और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाते हैं। अब भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का तीसरा और निर्णायक वनडे 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला जाएगा, जहां दोनों टीमें सीरीज जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। इस मैच में रूट बल्ले से शानदार खेल दिखाना चाहेंगे।