PAK vs ENG: जो रूट ने रचा इतिहास, एलिस्टर कुक के इस रिकॉर्ड को तोड़ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की शानदार लिस्ट में भी जोड़ा अपना नाम
जो रूट वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में पहले बल्लेबाज बने हैं जिन्होंने 5000 रन का आंकड़ा पार किया है।
अद्यतन - Oct 9, 2024 4:12 pm

इस समय पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मुकाबला मुल्तान के मुल्तान क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच के दौरान अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने एक और शानदार उपलब्धि अपने नाम की है। जो रूट वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में पहले बल्लेबाज बने हैं, जिन्होंने 5000 रन का आंकड़ा पार किया है।
यही नहीं अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक के इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने के रिकॉर्ड को भी पछाड़ दिया है। उन्होंने यह उपलब्धि पाकिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट की पहली पारी में 72वां रन बनाने के बाद हासिल की। वह इंग्लैंड के लिए टेस्ट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
इसके अलावा जो रूट ने अभी तक वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 59 मुकाबलों में 5045 रन बनाए हैं। इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के बेहतरीन बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन है, जिन्होंने 45 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप मैच में 3904 रन बनाए हैं, जबकि तीसरे पायदान पर उन्हीं के टीम के साथी स्टीव स्मिथ है, जिन्होंने 45 मैच में 3486 रन बनाए हैं।
जो रूट की बात की जाए तो उन्होंने अभी तक अपने अंतरराष्ट्रीय टेस्ट करियर में 12473* रन जड़े हैं। इंग्लैंड की ओर से इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर एलिस्टर कुक हैं जिन्होंने 12472 रन बनाए हैं। एलिस्टर कुक ने 2006 से 2018 तक कुल 161 टेस्ट मैच खेले। यही नहीं अगर जो रूट इस टेस्ट मैच में शतक जड़ देते हैं तो यह उनका 35वां टेस्ट शतक होगा।
इंग्लिश बल्लेबाजों ने किया पलटवार
मुकाबले की बात करें तो मेजबान पाकिस्तान ने पहली पारी में पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने सभी विकेट खोकर 556 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान शान मसूद ने 151 रनों की पारी खेली, जबकि अब्दुल्ला शफीक ने 102 रन बनाए। वहीं सलमान आगा ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 104* रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
इसके जवाब में इंग्लैंड ने जबरदस्त पलटवार किया है। इंग्लिश बल्लेबाजों ने अभी तक काफी अच्छी बल्लेबाजी की है और पाकिस्तानी गेंदबाजों पर दबाव बनाया हुआ है।