जोफ्रा आर्चर की घातक यॉर्कर के सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की एक ना चली, साकिब महमूद संग शानदार तरीके से पूरी की टीम हैट्रिक
पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 28 रनों से हराया और तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
अद्यतन - Sep 12, 2024 3:55 pm

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 11 सितंबर को खेला गया, जहां कंगारू टीम ने इंग्लैंड को 28 रनों से मात दी। इस जीत के साथ तीन मैचों की सीरीज में उसने 1-0 की बढ़त बना ली है। मैच में इंग्लिश गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन बल्लेबाजों ने निराश किया।
मुकाबले मैच में इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर और साकिब महमूद ने किफायती गेंदबाजी की। इन दोनों ने मिलकर टीम हैट्रिक भी पूरी की। यह देखने को मिला ऑस्ट्रेलिया की पारी के 18वें और 19वें ओवर के दौरान। जोफ्रा आर्चर ऑस्ट्रेलिया की पारी का 18वां ओवर फेंकने आए। उन्होंने इस ओवर की पांचवीं गेंद पर सीन एबॉट को बोल्ड किया और फिर अंतिम गेंद पर जेवियर बार्लेट को भी आउट कर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर ला खड़ा किया।
जोफ्रा आर्चर की यॉर्कर का इन दोनों ही खिलाड़ियों के पास कोई जवाब नहीं था। एबॉट चार रन बनाकर आउट हुए, वहीं जेवियर बार्लेट बिना खाता खोले ही वापस पवेलियन लौट गए। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की पारी का 19वां ओवर लेकर आए साकिब महमूद ने पहले ही गेंद पर कैमरन ग्रीन को बोल्ड कर टीम हैट्रिक पूरी की। कैमरन ग्रीन भी इस मैच में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गए।
आप भी देखें वीडियो:
🤝 TEAM HAT-TRICK ❤️ pic.twitter.com/PznX7yrujV
— England Cricket (@englandcricket) September 11, 2024
ऑस्ट्रेलिया ने पहले टी20 में इंग्लैंड को हराया
मुकाबले की बात की जाए, तो ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 179 रन बनाए। टीम की ओर से मैथ्यू शॉर्ट ने 41 रनों की पारी खेली, जबकि ट्रेविस हेड ने 23 गेंदों में 8 चौके और 4 छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। इन दोनों ही बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए छह ओवर में 86 रन जोड़े।
कप्तान मिचेल मार्श सिर्फ दो रन बना सके। विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश इंग्लिश ने 37 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर ने 3.3 ओवर में 31 रन देकर दो विकेट झटके, जबकि साकिब महमूद ने तीन ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। लियम लिविंगस्टोन ने तीन विकेट हासिल किए।
जवाब में मेजबान 151 रन पर ऑलआउट हो गया। टीम की ओर से लियम लिविंगस्टोन ने सर्वाधिक 37 रनों की पारी खेली. जबकि कप्तान फिल साल्ट 20 रन बनाकर आउट हुए। सैम करन ने 18 रनों का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सीन एबॉट ने तीन विकेट चटकाए, जबकि जोश हेजलवुड और एडम जम्पा ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।