IPL 2023 से पहले बड़ी खबर आई सामने, जॉनी बेयरस्टो पूरे टूर्नामेंट से हुए बाहर
पंजाब किंग्स IPL 2023 का अपना पहला मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 1 अप्रैल को मोहाली के PCA स्टेडियम में खेलेगी।
अद्यतन - मार्च 21, 2023 10:06 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की शुरुआत 31 मार्च से होने वाली है। तमाम फैंस इस शानदार टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले पंजाब किंग्स (PBKS) को तगड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो IPL 2023 से बाहर हो गए हैं।
दरअसल जॉनी बेयरस्टो की निगाहें एशेज पर है और वो इस शानदार टेस्ट सीरीज से पहले पूरी तरह से फिट होना चाहते हैं। एशेज 2023 की शुरुआत 16 जून से होगी और यह बेहतरीन सीरीज इंग्लैंड में ही खेली जाएगी।
बता दें, जॉनी बेयरस्टो टेस्ट क्रिकेट में काफी अच्छे फॉर्म में है। उन्होंने पिछले साल न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ पांच टेस्ट मुकाबलों में चार शतक जड़े थे। सितंबर 2022 में गोल्फ खेलते हुए उनके पैर में चोट लग गई थी। इस चोट की वजह से वो टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में हिस्सा नहीं ले पाए थे। यही नहीं पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में भी वो टीम से बाहर रहे थे।
पंजाब किंग्स को आगामी सत्र में करना पड़ सकता है काफी मुश्किलों का सामना
पंजाब किंग्स ने आगामी सत्र से पहले मयंक अग्रवाल को टीम से हटा दिया था। दरअसल मयंक अग्रवाल का प्रदर्शन पिछले सत्र में एक खिलाड़ी और कप्तान के रूप में काफी खराब रहा था जिसकी वजह से पंजाब फ्रेंचाइजी फाइनल में अपनी जगह नहीं बना पाई थी।
हालांकि आगामी सत्र के लिए पंजाब किंग्स ने शिखर धवन को अपना कप्तान नियुक्त किया है। टीम के पास सैम करन और सिकंदर रजा भी है जो मिडिल ऑर्डर को काफी मजबूती देंगे। ऐसा अंदाजा लगाया जा रहा था कि शिखर धवन और जॉनी बेयरस्टो आगामी सत्र में पंजाब किंग्स की ओपनिंग करते हुए नजर आएंगे लेकिन अब फ्रेंचाइजी को एक नया ओपनर अपनी टीम में जल्द से जल्द शामिल करना होगा।
पंजाब किंग्स IPL 2023 का अपना पहला मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 1 अप्रैल को मोहाली के PCA स्टेडियम में खेलेगी।